PM Modi Rozgar Mela: 51 हजार युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, PM मोदी ने बांटे नियुक्ति पत्र

Spread the love

नई दिल्ली:  देश के युवाओं के लिए शनिवार का दिन खास रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20वें रोजगार मेले के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में चयनित 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का आयोजन देशभर में 45 स्थानों पर किया गया, जबकि प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से नवनियुक्त युवाओं को संबोधित किया।

इसके साथ ही रोजगार मेलों के जरिए अब तक करीब 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सरकार के मुताबिक, रोजगार मेला युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में चलाया जा रहा अभियान है।

किन विभागों में मिली युवाओं को नौकरी?

20वें रोजगार मेले के तहत चयनित युवाओं की नियुक्ति केंद्र सरकार के अलग-अलग मंत्रालयों और विभागों में हुई है। इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत अन्य सरकारी संगठन शामिल हैं।

प्रधानमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए युवाओं को संबोधित करते हुए उनके चयन पर बधाई दी और कहा कि वे ऐसे समय में सरकारी सेवा से जुड़ रहे हैं, जब भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

‘आपकी मेहनत के पीछे माता-पिता की भी तपस्या’

पीएम मोदी ने नवनियुक्त युवाओं और उनके परिवारों को बधाई देते हुए कहा कि इस मुकाम के पीछे युवाओं की मेहनत के साथ-साथ उनके माता-पिता और परिवार की भी बड़ी भूमिका है। उन्होंने युवाओं से देश की सेवा में पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करने का आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को अपने निर्णयों और कार्यों के जरिए विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।

ये भी पढ़े :21 हजार दीयों से जगमगाया पंडरिया का जोरा तालाब, PM मोदी के जन्मदिवस पर विधायक भावना बोहरा ने जलाया ‘आशीर्वाद का दीया’

युवाओं की प्रतिभा पर PM मोदी ने दिया जोर

पीएम मोदी ने कहा कि भारतीय युवाओं के कौशल और प्रतिभा ने दुनिया का भरोसा हासिल किया है। उन्होंने नवाचार, उद्यमिता और युवा शक्ति को भारत की बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर भारतीय युवाओं से काफी उम्मीदें हैं।

प्रधानमंत्री ने हाल में हुए ब्रिक्स सम्मेलन का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत का प्रयास है कि ब्रिक्स सहयोग केवल सरकारों तक सीमित न रहे, बल्कि उद्यमियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों की भी इसमें भागीदारी हो।

रोजगार मेले से 12.75 लाख नियुक्ति पत्र

20वें रोजगार मेले के साथ ही केंद्र सरकार के रोजगार मेले के माध्यम से नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख हो गई है। रोजगार मेले की शुरुआत अक्टूबर 2022 में केंद्र सरकार में भर्ती प्रक्रिया को गति देने और युवाओं को सरकारी रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई थी।

सरकार के अनुसार, आगे भी ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन जारी रखा जाएगा, ताकि विभिन्न सरकारी विभागों में चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जा सकें और उन्हें सार्वजनिक सेवा से जोड़ा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *