जांजगीर-चांपा : दीपावली से पहले जिले में अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी अभियान के तहत बिर्रा थाना पुलिस ने ग्राम बिर्रा में एक मकान पर कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में पटाखे जब्त किए हैं। जब्त पटाखों की कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है। मामले में एक व्यक्ति के खिलाफ अपराध दर्ज कर विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध पटाखों के भंडारण, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान बिर्रा पुलिस को ग्राम बिर्रा में पटाखों के अवैध भंडारण की जानकारी मिली। कार्रवाई के दौरान रुपेश अग्रवाल के मकान से बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए।
विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 75 हजार रुपये बताई है। मामले में थाना बिर्रा में अपराध दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी राजीव श्रीवास्तव, एएसआई तीजराम जांगड़े, आरक्षक लक्ष्मी कश्यप, दीपक तिवारी और रामसाय साहू सहित साइबर प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, साइबर टीम और बिर्रा थाना स्टाफ की भूमिका रही।
दीपावली को लेकर पुलिस सतर्क
त्योहार के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस अवैध पटाखों के भंडारण और बिक्री पर नजर रख रही है। पुलिस का अभियान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।




