बेमेतरा, टेकेश्वर दुबे : बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध रूप से गौवंश परिवहन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 गौवंश, एक पिकअप वाहन और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 2 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पिकअप में मिले 6 गौवंश
मामला 9 सितंबर 2026 की रात का है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी नरेश यादव को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में अवैध रूप से गौवंश भरकर मोहलाई की ओर से ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद वह अन्य गौसेवकों के साथ ग्राम परसबोड़ चौक के पास पहुंचा।
रात करीब 10 बजे संदिग्ध पिकअप क्रमांक CG 09 JG 4714 को रोककर जांच की गई। वाहन के अंदर 6 कम उम्र के गौवंश पाए गए।
पुलिस के मुताबिक, पिकअप में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जबकि एक अन्य व्यक्ति मोटरसाइकिल क्रमांक CG 09 JU 3294 से वाहन के आगे चल रहा था। पूछताछ में उनकी पहचान जगजीवन, सुन्दर सिंह यादव, गिरवेश पटले और रामबगस के रूप में हुई।
बिना चारा-पानी के परिवहन का आरोप
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने गौवंश को पर्याप्त चारा-पानी के बिना कथित तौर पर क्रूरतापूर्वक परिवहन किए जाने की बात कही है। पुलिस के अनुसार, गौवंश को कत्लखाने ले जाने की आशंका के आधार पर मामले में कार्रवाई की गई।
रिपोर्ट के आधार पर साजा थाना पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6, 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का दावा
वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल के निर्देश पर कार्रवाई आगे बढ़ाई गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेरला रुचि वर्मा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी साजा निरीक्षक जनक साहू को विवेचना की जिम्मेदारी दी गई।
ये भी पढ़े :कार में मिली थी 21 वर्षीय युवती की लाश, 4 साल बाद फैसला; आरोपी को दोहरा आजीवन कारावास
पुलिस के मुताबिक, हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया।
6 गौवंश समेत 2.85 लाख की जब्ती
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से:
– 6 गौवंश — अनुमानित कीमत 35 हजार रुपये
– पिकअप वाहन CG 09 JG 4714 — कीमत करीब 2 लाख रुपये
– मोटरसाइकिल CG 09 JU 3294 — कीमत करीब 50 हजार रुपये
जब्त की है। जब्ती की कुल अनुमानित कीमत 2 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
चारों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें जगजीवन अनंत (45), निवासी बरहट्ठी, थाना कवर्धा, जिला कबीरधाम; गिरवेश पटले (47), सुन्दर सिंह यादव (35) और रामबगस वलके (35), सभी निवासी डोगरिया, थाना बिरसा, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश) शामिल हैं।
पुलिस ने चारों आरोपियों को 10 सितंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
पुलिस ने बताया कि कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जनक साहू, उप निरीक्षक असीम किर्तनिया, प्रधान आरक्षक पवन सिंह, दुर्गेश तिवारी, आरक्षक राजू यादव, अर्जुन धुर्वे सहित थाना साजा के पुलिसकर्मियों और गौवंश सेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




