प्रभास की ‘फौजी’ का टीजर रिलीज, इस दिन सिनेमाघरों में दस्तक देगी फिल्म; दिखा दमदार अवतार

Spread the love

पैन इंडिया स्टार प्रभास इन दिनों कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम कर रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रभास ‘कल्कि 2’ से लेकर ‘सलार 2’, ‘स्पिरिट’ और ‘फौजी’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। शुक्रवार, 23 अक्टूबर को प्रभास का 47वां जन्मदिन था, इस मौके पर उनकी आने वाली फिल्मों के निर्माताओं ने फिल्म के पोस्टर, बीटीएस वीडियो और टीजर जारी कर फैंस को सरप्राइज दिया। ‘फौजी’ के निर्माताओं ने भी फिल्म से अभिनेता का फर्स्ट लुक और एक नया टीजर जारी किया है। साथ ही, फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज की तारीख का भी ऐलान कर दिया है। इस खबर ने प्रभास के फैंस को भी खुश कर दिया है।

‘फौजी’ का टीजर जारी

‘फौजी’ के निर्माताओं ने 2 मिनट 31 सेकंड का टीजर जारी किया, जिसमें प्रभास एक उग्र और दमदार अवतार में नजर आ रहे हैं। आजादी से पहले के दौर पर आधारित, ‘फौजी’ में प्रभास एक ऐसे बागी सैनिक की भूमिका में नजर आने वाले हैं, जो अपनी मातृभूमि की रक्षा के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार है। टीजर में प्रभास एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं और गोलियों की बौछार देखने को मिलती है। इसमें प्रभास के किरदार को “भारत का सबसे बड़ा बागी सैनिक” बताया गया है, जो 1932 से ही वांटेड है। ऐसा लगता है कि उनकी कहानी ब्रिटिश शासन के खिलाफ लड़ाई के इर्द-गिर्द घूमती है। टीजर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, ‘पेश है डिक्लासिफाइड फाइल नंबर 25 – फौजी, 19 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में।’

फौजी का टीजर

‘फौजी’ कब रिलीज हो रही है?

तेलुगु पीरियड ड्रामा ‘फौजी’ 19 मार्च, 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पहले यह फिल्म 3 दिसंबर, 2026 को रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसकी रिलीज को टाल दिया गया था। नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ के प्री-रिलीज इवेंट में, प्रोड्यूसर रवि शंकर ने फिल्म के पोस्टपोन होने की जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि इस अतिरिक्त समय का इस्तेमाल इस बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए किया जाएगा।

‘फौजी’: कास्ट और क्रू

हनु राघवपुडी के निर्देशन में बन रही ‘फौजी’ में प्रभास और इमानवी मुख्य भूमिकाओं में हैं। इनके साथ अनुभवी अभिनेता अनुपम खेर और अन्य कलाकार भी नजर आएंगे। इस फिल्म को नवीन यरनेनी, वाई रवि शंकर और भूषण कुमार ने ‘मैथरी मूवी मेकर्स’ के बैनर तले प्रोड्यूस किया है, और टी-सीरीज फिल्म्स द्वारा पेश किया जा रहा है। काम की बात करें तो, प्रभास आखिरी बार ‘द राजा साब’ में नजर आए थे। उनके पास कई और प्रोजेक्ट्स भी हैं, जिनमें संदीप रेड्डी वांगा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘स्पिरिट’, नाग अश्विन की ‘कल्कि 2898 AD’ का सीक्वल और प्रशांत नील की ‘सालार 2’ शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *