दिल्ली के रामलीला ग्राउंड में राहुल गांधी की अगुवाई में आज (रविवार को) विपक्ष ने शक्ति प्रदर्शन किया। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और ममता बनर्जी समेत इंडिया गठबंधन के तमाम बड़े नेता रामलीला मैदान में मौजूद रहे। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्षी नेताओं ने एक-एक करके निशाना साधा। इस मौके पर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि इस देश में सालों से वोटों की चोरी हो रही है। मध्य प्रदेश, हरियाणा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, कर्नाटक और 2024 के लोकसभा चुनाव- इन सभी चुनावों में वोटों की चोरी हुई है। EVM के जरिए, और वोटर लिस्ट से नाम हटाने या उसमें नाम जोड़ने के जरिए वोट चुराए गए हैं।
ज्ञानेश कुमार अपने पद से जरूर हटेंगे- राहुल गांधी
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मैं जो भी कहता हूं, वह हमेशा सच साबित होता है। मैं भारत के हर नागरिक और हर युवा से कह रहा हूं कि ज्ञानेश कुमार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से हटा दिया जाएगा। ज्ञानेश कुमार जेल जाएंगे। किसानों को उनका हक नहीं मिल रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। मजदूरों को उनका हक नहीं मिल रहा है, और सारी संपत्ति दो-तीन लोगों के हाथों में चली गई है। हमें ऐसा भारत नहीं चाहिए, और हम ऐसे भारत को स्वीकार नहीं करेंगे।
ये भी पढ़े :सर्दियों में अचानक क्यों बढ़ने लगता है ब्लड प्रेशर? डॉक्टर ने बताई इसकी बड़ी वजह
देश को वापस सही रास्ते पर लाने का पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना
राहुल गांधी बोले, ‘शिव की बारात में कोई भी शामिल हो सकता है। हर कोई इसमें शामिल हो सकता है। क्या किसी को इसमें हिस्सा लेने से रोका जा सकता है? हम ऐसा ही भारत चाहते हैं। अगर कोई किसान कड़ी मेहनत करता है, तो उसे उसका फल मिलना ही चाहिए। अगर कोई स्टूडेंट 18 घंटे पढ़ाई करता है, तो उसको रोजगार मिलना ही चाहिए। हम ऐसा देश नहीं चाहते जो महज 2-3 लोगों का हो। देश को वापस सही रास्ते पर लाने का पहला कदम ज्ञानेश कुमार को हटाना है।’
मुझे बुरा लग रहा है कि ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा, ‘मैं आपको बता रहा हूं, ज्ञानेश कुमार रात को सो नहीं पाते हैं। मुझे बुरा लग रहा है कि ज्ञानेश कुमार डरे हुए हैं और रात को सो नहीं पा रहे हैं। लेकिन उन्होंने सबसे बड़ा अपराध किया है- देश की आवाज और उसकी आत्मा को दबाने का प्रयास किया है। लेकिन हम नफरत या दुश्मनी रखने वाले लोग नहीं हैं। हम प्यार करने वाले लोग हैं। हम इस देश में फिर से प्यार और भाईचारा वापस लाना चाहते हैं। यह विरोध प्रदर्शन किसी एक पार्टी या नेता का नहीं है। यह एक संयुक्त विरोध प्रदर्शन है। यह भारत का विरोध है, भारत की आवाज है।’ उधर, राहुल गांधी की रामलीला मैदान की रैली की टाइमिंग को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि जिस दिन सिखों की हत्या हुई, उस दिन राहुल गांधी जलसा क्यों रखा।




