छत्तीसगढ़ में आज से बढ़ेगी बारिश की गतिविधि, 27 जिलों में येलो अलर्ट; आंधी-वज्रपात की चेतावनी

Spread the love

रायपुर: छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जबकि मौसमी वर्षा अब भी सामान्य से 6 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने 10 सितंबर से बारिश की गतिविधियों में वृद्धि की संभावना जताई है।

आज प्रदेश के कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

27 जिलों में येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने 10 सितंबर की सुबह जिला स्तरीय नाउकास्ट जारी किया है। इसके मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में हल्की गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।

येलो अलर्ट वाले जिलों में सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर शामिल हैं।

इन जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ तेज हवा और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव

मौसम में बदलाव के पीछे उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उससे लगे बांग्लादेश तट के ऊपर बना ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण प्रमुख सिस्टम बताया जा रहा है। यह परिसंचरण समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

मौसम विभाग के अनुसार इसके प्रभाव से 10 सितंबर को उत्तरी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके चलते आने वाले दिनों में मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।

इसके अलावा समुद्र तल पर मानसून द्रोणिका जम्मू, देहरादून, पंतनगर, बस्ती, छपरा, पुरुलिया और दीघा होते हुए दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।

ये भी पढ़े :शारदीय नवरात्रि 2026: 11 अक्टूबर से शुरू होंगे नवरात्र, जानें कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त और 9 दिनों की पूरी तिथियां

रायपुर में भी बारिश और अंधड़ के आसार

राजधानी रायपुर में 10 सितंबर को आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहने की संभावना है। शहर में बारिश के साथ गरज-चमक और अंधड़ चलने के आसार हैं।

रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इससे पहले बुधवार को रायपुर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पेंड्रा रोड रहा सबसे ठंडा

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रा रोड में दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई।

इन इलाकों में हुई बारिश

पिछले 24 घंटे में पाली (कोरबा) में 4 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बेलगहना (बिलासपुर) में 3 सेमी, हरदीबाजार (कोरबा) और नेरहरपुर (कांकेर) में 2-2 सेमी बारिश हुई।

वहीं सकरी और कोटा (बिलासपुर), घुमका (राजनांदगांव), जशपुरनगर (जशपुर) तथा छिंदगढ़ (सुकमा) में 1-1 सेमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

दो दिन बाद भी भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। दो दिन बाद प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश के साथ गरज-चमक और वज्रपात की आशंका है।

ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों को आंधी और बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा स्थानीय मौसम संबंधी चेतावनियों पर नजर रखने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *