‘रामायण’ ने रचा इतिहास, 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी; वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ पार

Spread the love

रणबीर कपूर और यश स्टारर फिल्म ‘रामायण’ भले ही दुनियाभर में वैसी ब्लॉकबस्टर सफलता हासिल नहीं कर पाई हो, जैसी उम्मीद मेकर्स ने की थी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर इसने एक नया इतिहास जरूर रच दिया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह माइथोलॉजिकल फिल्म रिलीज के तीसरे हफ्ते में भी सिनेमाघरों में मजबूती से टिकी हुई है। फिल्म ने अब एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जो इससे पहले किसी भारतीय फिल्म के नाम नहीं था। ‘रामायण’ दुनिया के 27 देशों में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन गई है। इस उपलब्धि के साथ फिल्म ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय सिनेमा की पहुंच को एक नया आयाम दिया है।

ये भी पढ़े :महादेव सट्टा ऐप केस में ED का बड़ा एक्शन, रायपुर-दुर्ग-भिलाई से धमतरी तक एक साथ छापेमारी

27 देशों में नंबर वन बनी ‘रामायण’

फिल्म के निर्माताओं ने गुरुवार को सोशल मीडिया के जरिए इसकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि की जानकारी साझा की। उनके मुताबिक ‘रामायण’ अब 27 देशों में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है। इस सूची में अमेरिका, ब्रिटेन, इंडोनेशिया और थाईलैंड जैसे बड़े बाजार शामिल हैं। इसके अलावा वियतनाम, कंबोडिया और यूरोप के कई देशों में भी फिल्म ने भारतीय फिल्मों के पुराने कमाई के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए हैं। फिल्म को दक्षिण-पूर्व एशिया के बाजारों में खासतौर पर अच्छा रिस्पॉन्स मिला है। कंबोडिया और सिंगापुर जैसे देशों में रामायण की कहानी और इससे जुड़ी सांस्कृतिक मान्यताओं की लोकप्रियता ने भी फिल्म को दर्शकों तक पहुंचाने में मदद की है। वहीं, सोनी पिक्चर्स के व्यापक अंतरराष्ट्रीय वितरण के चलते फिल्म को स्लोवाकिया, यूक्रेन, लातविया, जॉर्जिया, आर्मेनिया और कैरेबियाई क्षेत्रों जैसे नए बाजारों में भी रिलीज किया गया। इससे भारतीय फिल्मों के लिए नए अंतरराष्ट्रीय रास्ते खुले हैं।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये के पार

बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार शुरुआती दिनों के मुकाबले जरूर धीमी हुई है। रिलीज के पहले हफ्ते में लगातार सात दिनों तक 100 करोड़ रुपये से ज्यादा का वर्ल्डवाइड कलेक्शन करने वाली ‘रामायण’ की भारत में दैनिक कमाई अब 10 करोड़ रुपये नेट से नीचे आ गई है। हालांकि विदेशी बाजारों में फिल्म ने तीसरे हफ्ते में एक बार फिर रफ्तार पकड़ी है। रिलीज के 22वें दिन यानी गुरुवार को फिल्म ने विदेशी बॉक्स ऑफिस पर एक बार फिर 10 लाख डॉलर से ज्यादा की कमाई की। भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 992 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 1185 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शुक्रवार को इसके भारत में 1000 करोड़ रुपये नेट का आंकड़ा पार करने की उम्मीद है। ऐसा होने पर यह ‘धुरंधर द रिवेंज’ के बाद 1000 करोड़ नेट कमाने वाली दूसरी हिंदी फिल्म बन जाएगी।

विदेशी बाजारों में फिल्म की कुल कमाई 6.4 करोड़ डॉलर से अधिक हो चुकी है। इसके साथ ही ‘रामायण’ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1777 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। फिलहाल यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में चौथे स्थान पर है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह यह ‘बाहुबली 2’ और ‘धुरंधर 2’ को पीछे छोड़कर दूसरे स्थान पर पहुंच सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *