छत्तीसगढ़ में हाथियों का तांडव! शादी की तैयारी कर रहे बैगा परिवार के घर में मचाई तबाही

Spread the love

 

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। कुकदुर वन क्षेत्र में विचरण कर रहे चार हाथियों के दल ने बीती रात केसमरदा गांव में जमकर उत्पात मचाया। हाथियों का झुंड बस्ती में घुस गया और दो घरों में तोड़फोड़ कर दी। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक, केसमरदा गांव में रहने वाला बैगा परिवार रात में अपने घरों में सो रहा था। इसी दौरान अचानक चार हाथियों का दल गांव में पहुंच गया। हाथियों ने घरों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागे।

शादी की तैयारी पर हाथियों ने फेरा पानी

इस घटना में सबसे ज्यादा नुकसान बुधसिंह बैगा के परिवार को हुआ है। बताया जा रहा है कि उनके घर में शादी की तैयारी चल रही थी। विवाह समारोह के लिए परिवार ने नौ बोरी चावल खरीदकर घर में रखे थे, लेकिन हाथियों ने घर में घुसकर चावल को बिखेर दिया और खाद्य सामग्री को भी नुकसान पहुंचाया। शादी की तैयारियों के बीच हुई इस घटना से परिवार को बड़ा झटका लगा है।

सप्ताहभर पहले हाथियों ने ली थी महिला की जान

कुकदुर क्षेत्र में हाथियों का आतंक पहले भी जानलेवा साबित हो चुका है। करीब एक सप्ताह पहले हाथियों के इसी दल ने बनगौरा दलदली क्षेत्र में मितानिन बैगिनबाई पर हमला कर दिया था, जिससे उनकी मौत हो गई थी। लगातार हो रही इन घटनाओं से आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।

वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

घटना के बाद वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने लोगों से जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों से दूरी बनाए रखने की अपील की है। क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *