पैर में रॉड, निगरानी में दो जवान… फिर भी अस्पताल से कैसे भाग निकला नशे की गोलियों का आरोपी?

Spread the love

महासमुंद :  छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार एक युवक जिला अस्पताल से फरार हो गया। आरोपी को पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द और झटके आने की शिकायत के बाद इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी निगरानी के लिए दो पुलिस जवान तैनात थे। इसके बावजूद गुरुवार सुबह वह पुलिस को चकमा देकर निकल गया। घटना के बाद पुलिस उसकी तलाश करने के साथ ही सुरक्षा में हुई चूक की जांच कर रही है।

ओडिशा से नशीली टैबलेट तस्करी के आरोप में गिरफ्तारी

जानकारी के मुताबिक, सरायपाली पुलिस ने बुधवार को 20 वर्षीय दिनेश सिंह राजपूत को ओडिशा से नशीली टैबलेट की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया था। तबीयत बिगड़ने की शिकायत पर पहले उसे सरायपाली में प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद बेहतर इलाज के लिए महासमुंद मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल रेफर किया गया।

दो जवान तैनात, फिर भी अस्पताल से निकल गया आरोपी

अस्पताल में आरोपी की निगरानी की जिम्मेदारी पुलिस जवान खोमनलाल साहू और रामचरण यादव को दी गई थी। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह करीब 7:30 से 8:30 बजे के बीच एक जवान बाथरूम गया था, जबकि दूसरा डॉक्टर से संबंधित काम में व्यस्त था। इसी दौरान आरोपी अस्पताल से फरार हो गया।

बताया गया है कि आरोपी के पैर में रॉड लगी हुई थी। ऐसे में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वह सुरक्षा व्यवस्था के बीच अस्पताल से बाहर निकलने में कैसे सफल हुआ। फरारी के समय आरोपी को हथकड़ी लगाई गई थी या नहीं और निगरानी के क्या इंतजाम थे, इसकी भी जांच की जा रही है।

ये भी पढ़े :मुंगेली में दर्दनाक हादसा: विधायक पुन्नूलाल मोहले के भाई समेत 3 की मौत, पिकअप चालक फरार

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना के बाद पुलिस अस्पताल में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। इसके जरिए आरोपी के बाहर निकलने के रास्ते और फरारी से जुड़े घटनाक्रम का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। आसपास के संभावित ठिकानों पर भी उसकी तलाश जारी है। मामले में सिटी कोतवाली में FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है।

लापरवाही मिली तो होगी कार्रवाई

एडिशनल एसपी सुनील कुमार नायक के मुताबिक, आरोपी अलसुबह अस्पताल से फरार हुआ। मामले की जांच की जा रही है और जांच में जिसकी भी लापरवाही सामने आएगी, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई और आरोपी अस्पताल से किस रास्ते से बाहर निकला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *