सामंथा रुथ प्रभु बनीं मां, घर आया नन्हा राजकुमार; बेटे का नाम भी किया सार्वजनिक

Spread the love

साउथ सिनेमा की मशहूर अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की जिंदगी में एक नई और बेहद खूबसूरत शुरुआत हुई है। अभिनेत्री और फिल्ममेकर राज निदिमोरू माता-पिता बन गए हैं। कपल ने 19 नवंबर 2026 को अपने पहले बच्चे का स्वागत किया है। उनके घर बेटे का जन्म हुआ है। इस खुशखबरी को सामंथा और राज ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस के साथ साझा किया। दोनों ने अपने नवजात बेटे की पहली झलक दिखाते हुए एक प्यारी तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वे अपने नन्हे बच्चे के हाथों को थामे नजर आ रहे हैं। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर कपल को बधाइयां मिलने लगीं।

बेटे का नाम रखा ‘देव निदिमोरू’

सामंथा और राज ने अपने बेटे के जन्म की घोषणा के साथ उसका नाम भी बताया है। कपल ने अपने पोस्ट में बच्चे का नाम ‘देव निदिमोरू’ रखा है। साझा की गई तस्वीर में नवजात के छोटे-छोटे हाथ दिखाई दे रहे हैं, जिन्हें सामंथा और राज ने प्यार से थामा हुआ है। तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा, ‘हमारा खूबसूरत बेटा देव निदिमोरू, 19.11.2026। हमारे दिल इससे ज्यादा कभी खुश नहीं हुए। सामंथा और राज।’ इस पोस्ट के जरिए दोनों ने अपनी खुशी जाहिर की। हालांकि कपल ने बच्चे की तस्वीर में उसका चेहरा नहीं दिखाया, बल्कि उसके नन्हे हाथों की झलक साझा की। इस खास पल को देखकर फैंस भी काफी उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं। चंद दिन पहले ही खास पूजा भी रखी थी।

दिसंबर 2025 में की थी शादी

सामंथा रुथ प्रभु और राज निदिमोरू ने 1 दिसंबर 2025 को शादी की थी। दोनों ने कोयंबटूर स्थित सद्गुरु के ईशा फाउंडेशन में बेहद निजी समारोह में एक-दूसरे को जीवनसाथी चुना था। इस शादी में परिवार और करीबी लोग ही शामिल हुए थे। खास बात यह है कि यह दोनों की दूसरी शादी है। राज निदिमोरू की इससे पहले शादी श्यामली डे से हुई थी, जबकि सामंथा की पहली शादी अभिनेता नागा चैतन्य से हुई थी। सामंथा और नागा चैतन्य ने करीब चार साल साथ रहने के बाद 2021 में अलग होने का फैसला किया था। दोनों की शादी अक्टूबर 2017 में हुई थी। अलगाव के बाद सामंथा ने अपने काम और निजी जिंदगी पर ध्यान दिया। अब राज के साथ नई जिंदगी शुरू करने के बाद मां बनने की खुशखबरी ने उनके जीवन में एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

ये भी पढ़े :बलौदाबाजार में दिल दहला देने वाली घटना, मां और दो मासूम बच्चों की मौत; जहरीले पदार्थ के सेवन की आशंका

‘द फैमिली मैन 2’ के सेट पर हुई थी मुलाकात

सामंथा और राज की मुलाकात को लेकर बताया जाता है कि दोनों की पहली जान-पहचान वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन 2’ के दौरान हुई थी। इस सीरीज में सामंथा ने राजी नाम की विद्रोही नेता का दमदार किरदार निभाया था। उनके अभिनय को काफी सराहना मिली थी। इसके बाद दोनों ने ‘सिटाडेल: हनी बनी’ में भी साथ काम किया। यह प्रोजेक्ट उनके रिश्ते को लेकर चर्चा का एक अहम पड़ाव माना जाता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक शादी से पहले दोनों करीब दो साल तक एक-दूसरे को डेट कर रहे थे। हालांकि, उन्होंने अपने रिश्ते को हमेशा निजी रखा और सार्वजनिक रूप से अपने रोमांस को लेकर ज्यादा कुछ नहीं कहा।

जून में दी थी प्रेग्नेंसी की खुशखबरी

सामंथा और राज ने जून 2026 में अपनी प्रेग्नेंसी की खबर साझा की थी। अभिनेत्री की फिल्म ‘मा इंटी बंगाराम’ के सक्सेस मीट के दौरान इस खुशखबरी की पुष्टि हुई थी। इसके बाद से ही फैंस उनके घर नन्हे मेहमान के आने का इंतजार कर रहे थे। अब बेटे देव के जन्म के साथ दोनों का यह इंतजार खत्म हो गया है। सामंथा और राज के लिए यह पल बेहद खास है, क्योंकि शादी के करीब एक साल के भीतर उनके परिवार में एक नए सदस्य का आगमन हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *