स्कूल जाने निकली दूसरी कक्षा की छात्रा को स्कूल बस ने कुचला, अस्पताल पहुंचने से पहले मौत; कोरिया में मातम

Spread the love

कोरिया : छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में दूसरी कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा की मौत हो गई। स्कूल जाने के लिए बस में बैठने घर से निकली बच्ची स्कूल संस्था की ही बस की चपेट में आ गई। गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।

हादसा सोनहत थाना क्षेत्र के धनपुर बस्ती में हुआ। मृतक छात्रा की पहचान प्रिंसि के रूप में हुई है। वह सोनहत स्थित भारत इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा दूसरी की छात्रा थी।

बस में बैठने निकली थी बच्ची

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे प्रिंसि स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान स्कूल संस्था की बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनहत ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

ये भी पढ़े :नए छात्र पर प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव, मना करने पर लात-घूंसों से मारपीट का आरोप; VIDEO वायरल

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सोनहत थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस चालक की भूमिका क्या थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है।

मासूम बच्ची की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं इस घटना के बाद धनपुर बस्ती और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल

इस दर्दनाक हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। खासकर स्कूल आने-जाने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा के लिए बस संचालन, चालक की सतर्कता और बस के आसपास बच्चों की निगरानी जैसे इंतजामों को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की अपेक्षा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *