भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैचों की सीरीज का आगाज होने जा रहा है। इसका पहला मुकाबला 4 नवंबर को खेला जाएगा। सीरीज के आगाज से एक दिन पहले जब भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल से बात की गई तो उन्होंने बड़ी बातें कहीं। ऐसा लगता है कि गिल को बीसीसीआई की ओर से तय किया गया भारत बनाम न्यूजीलैंड सीरीज का शेड्यूल रास नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि वनडे मैचों से सीरीज का आगाज होता तो अच्छा था। टी20 सीरीज वनडे और टेस्ट सीरीज के बीच में करना बेहतर होता।
अगले साल खेले जाएंगे आईसीसी के दो बड़े टूर्नामेंट
अगले साल आईसीसी के दो बड़े टूर्नामेंट होने हैं। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल अगले साल जून में खेला जाएगा, वहीं वनडे विश्व कप का आयोजन अगले साल अक्टूबर से लेकर नवंबर तक होगा। यानी फिलहाल सभी टीमों का फोकस टेस्ट और वनडे पर है। ऑकलैंड में होने वाले पहले वनडे मैच से पहले कप्तान गिल ने कहा कि उनके लिए वनडे और टेस्ट दोनों सीरीज जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके हाथ में होता तो वे चाहते कि वनडे सीरीज में सारे फिट खिलाड़ी खेलें। लेकिन इसके बाद दो टेस्ट भी होने हैं, इसलिए ऐसा नहीं हो पाएगा।
ये भी पढ़े :नेपाल में लैंडिंग के दौरान दो हेलीकॉप्टरों की भीषण टक्कर, भारतीय नागरिक की मौत; एक घायल
आखिरी दो वनडे नहीं खेल पाएंगे शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर संभालेंगे कमान
शुभमन गिल ने कहा कि सीरीज में पहले वनडे मैच होते, उसके बाद टी20 सीरीज होती और सबसे आखिर में टेस्ट सीरीज होती तो एक दिवसीय मैचों में वे मजबूत टीम के साथ उतरते। लेकिन ऐसा नहीं हो पाएगा, क्योंकि वनडे सीरीज के तुरंत बाद टेस्ट सीरीज शुरू हो जाएगी। वैसे तो मेजबानी टीम का बोर्ड शेड्यूल तय करता है, लेकिन मेहमान टीम का बोर्ड इसे मंजूरी देता है, तभी से जारी किया जाता है। यानी न्यूजीलैंड बोर्ड के शेड्यूल को बीसीसीआई ने हरी झंडी दी है। आपको बता दें कि पांच मैचों की सीरीज के पहले तीन मैचों में तो गिल कप्तानी करते हुए नजर आएंगे, लेकिन आखिरी दो मैचों में वे टेस्ट की तैयारी के लिए निकल जाएंगे और उस वक्त टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी। जो खिलाड़ी टेस्ट सीरीज का भी हिस्सा हैं, वो आखिरी दो वनडे मैच नहीं खेल पाएंगे।
आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के सिनेरियो को बताया दिलचस्प
कप्तान गिल ने आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के सिनेरियो को भी काफी दिलचस्प बताया। जहां अभी तक ये तय नहीं है कि कौन सी दो टीमों के बीच फाइनल मुकाबला होगा। ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच खेली गई सीरीज के बाद टीम इंडिया के भी फाइनल में जाने के चांस बन गए हैं। इस पर गिल ने कहा कि अगर टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दो टेस्ट मैचों में अच्छे खेल का प्रदर्शन किया और उसके बाद घर पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी अच्छा खेले तो फिर फाइनल में जाने की संभावना बन जाएगी।




