रायपुर में टीम इंडिया की धमाकेदार जीत, 3-0 से सीरीज अपने नाम; सीएम साय ने दी बधाई

Spread the love

रायपुर : भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेली गई तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में भारतीय टीम ने 3-0 से क्लीन स्वीप कर शानदार जीत दर्ज की। नवा रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीसरे मुकाबले को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी देखा। भारतीय महिला टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने खिलाड़ियों को जीत की बधाई दी और इसे छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए प्रेरणादायक अवसर बताया।

सीएम साय ने टीम इंडिया को दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट साझा कर भारतीय महिला टीम को सीरीज में क्लीन स्वीप करने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि रायपुर में आयोजित भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाया और 3-0 से जीत हासिल की। मुख्यमंत्री ने मुकाबले को करीब से देखने का अनुभव साझा करते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

पहली महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से बेटियों को मिलेगी प्रेरणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला टी-20 क्रिकेट सीरीज का आयोजन प्रदेश के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। विश्वस्तरीय खिलाड़ियों को मैदान पर खेलते देख प्रदेश की युवा लड़कियों को क्रिकेट सहित अन्य खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। इससे उनमें बड़े लक्ष्य तय करने और प्रदेश व देश का नाम रोशन करने का आत्मविश्वास मजबूत होगा।

उन्होंने बताया कि सीरीज के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना है।

ये भी पढ़े :CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में ठंड की दस्तक, बिलासपुर में 4 डिग्री और रायपुर में 2 डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान

खेल सुविधाओं के विस्तार पर सरकार का जोर

सीएम साय के मुताबिक, राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर देने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत खेल अधोसंरचना के विस्तार, प्रशिक्षण और जरूरी संसाधनों की उपलब्धता पर जोर दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को प्रदेश की महत्वपूर्ण खेल सुविधाओं में से एक बताते हुए कहा कि इसे छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों के आयोजन की संभावनाएं बढ़ी हैं। इससे क्रिकेट प्रेमियों के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को भी बड़े मुकाबलों से सीखने का अवसर मिलता है।

राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से बढ़ेगी नवा रायपुर की पहचान

मुख्यमंत्री ने कहा कि नवा रायपुर में पहले भी न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित किए जा चुके हैं। इसके अलावा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मैचों का आयोजन भी हुआ। भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 सीरीज इस दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजनों से किसी प्रदेश की खेल संस्कृति मजबूत होती है और उसकी राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान भी बढ़ती है। ऐसे आयोजनों के दौरान खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों की आवाजाही से पर्यटन, होटल, परिवहन और स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है। इससे रोजगार और आजीविका के अवसर पैदा होने की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

नवा रायपुर को स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन बनाने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि नवा रायपुर में आधुनिक अधोसंरचना और बेहतर सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। राज्य सरकार इसे आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख खेल एवं आयोजन केंद्रों में शामिल कराने की दिशा में प्रयासरत है। इसके लिए मौजूदा खेल सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं को प्रोत्साहित करने पर ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने का माहौल बना है। भारतीय महिला खिलाड़ी लगातार अपनी उपलब्धियों से देश का गौरव बढ़ा रही हैं। छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, प्रशिक्षित करने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि यह सीरीज खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का संदेश देगी। उन्होंने विश्वास जताया कि नवा रायपुर में आयोजित यह प्रतियोगिता प्रदेश की नई पीढ़ी, विशेषकर बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत के प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *