Thalapathy Vijay Divorce News: पत्नी संगीता ने वापस ली तलाक की याचिका, 27 साल पुराने रिश्ते में सुलह के संकेत

Spread the love

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी जोसेफ विजय और उनकी पत्नी संगीता के बीच लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद में एक नया और राहत भरा मोड़ आया है। संगीता ने स्थानीय चेन्गलपट्टू फैमिली कोर्ट में दायर अपनी तलाक की याचिका वापस ले ली है। पिछले कई महीनों से मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस हाई-प्रोफाइल मामले को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि हालिया घटनाक्रम से दोनों के बीच सुलह के संकेत साफ नजर आ रहे हैं। 27 साल के इस रिश्ते को बचाने और कोर्ट केस खत्म होने की खबर से समर्थकों और फैंस के बीच खुशी की लहर दौड़ गई है। माना जा रहा है कि अदालत ने मामले के निपटारे और सुलह के बाद दोनों के रिश्ते में खट्टास अब कम हो जाएगी।

पारिवारिक विवाद और गंभीर आरोपों का ब्यौरा
संगीता द्वारा फरवरी में दायर की गई याचिका में आरोप लगाया गया था कि विजय का एक अन्य अभिनेत्री के साथ अवैध संबंध था, जिसकी जानकारी उन्हें साल 2021 में मिली थी। याचिका के अनुसार, विजय ने इस रिश्ते को समाप्त करने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने इसे जारी रखा और उन्हें इसका कोई पछतावा भी नहीं था। दस्तावेज में यह भी कहा गया था कि विजय ने संगीता को अपने सामाजिक और व्यावसायिक जीवन से पूरी तरह अलग कर दिया, जबकि वे उस अभिनेत्री के साथ विदेश यात्राओं और सार्वजनिक कार्यक्रमों में लगातार शामिल होते रहे।

ये भी पढ़े :नौकरी दिलाने के नाम पर ₹6.5 करोड़ की ठगी, 38 मामले दर्ज, 27 आरोपी गिरफ्तार

याचिका में क्या कहा गया था?
इसके अलावा याचिका में उल्लेख किया गया था कि संबंधित अभिनेत्री सोशल मीडिया पर इन दौरों की तस्वीरें बार-बार साझा करती थी, जिस पर विजय ने कभी कोई आपत्ति नहीं जताई। संगीता का दावा था कि इन पोस्ट्स से उन्हें और उनके दोनों बच्चों जेसन संजय और दिव्या साशा को समाज में काफी अपमान सहना पड़ा। याचिका में विजय पर संगीता को मिलने वाली सुविधाओं में कटौती करने, वित्तीय पाबंदियां लगाने और उनकी आवाजाही को सीमित करने के आरोप भी लगाए गए थे। संगीता ने आरोप लगाया था कि 2024 के दौरान सोशल मीडिया पर चली विवादित खबरों और विजय के व्यवहार से उन्हें गहरा मानसिक तनाव झेलना पड़ा। उनका कहना था कि उनका यह रिश्ता अब सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया था और इसमें सुधार की कोई गुंजाइश नहीं बची थी, जिससे उन्हें केवल मानसिक पीड़ा, अपमान और कष्ट ही मिला।

कौन हैं संगीता?
तमिल सिनेमा के दिग्गज अभिनेता और राजनेता थलपति विजय की पत्नी संगीता सोरनालिंगम अपनी सादगी और निजी जीवन को मीडिया की नजरों से दूर रखने के लिए जानी जाती हैं। मूल रूप से श्रीलंकाई तमिल पृष्ठभूमि से ताल्लुक रखने वाली संगीता का जन्म और पालन-पोषण यूके में हुआ। विजय और संगीता 25 अगस्त 1999 को विवाह बंधन में बंधे थे। दोनों के दो बच्चे हैं बेटा जेसन संजय और बेटी दिव्या साशा। फिल्मी दुनिया का बड़ा चेहरा होने के बावजूद संगीता हमेशा चकाचौंध से दूर परिवार की जिम्मेदारियों को प्राथमिकता देती आई हैं। वह बेहद चुनिंदा सार्वजनिक कार्यक्रमों में ही नजर आती हैं। संगीता का संबंध यूनाइटेड किंगडम के एक संपन्न और स्थापित कारोबारी परिवार से है। उनके पिता एक जाने-माने बिजनेसमैन रहे हैं। स्टार-वाइफ के रूप में दिखावे से दूर रहने की इसी आदत की वजह से उन्हें दक्षिण भारतीय फिल्म उद्योग की सबसे प्राइवेट हस्तियों में गिना जाता है।

प्रशंसक से जीवनसंगिनी बनने का अनोखा सफर
विजय और संगीता की मुलाकात की कहानी किसी दिलचस्प किस्से जैसी है। शुरुआत में संगीता, विजय के अभिनय की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं। वह सिर्फ खत भेजने तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि विजय से मिलने की इच्छा के साथ लंदन से सीधे चेन्नई आ पहुंचीं। उन्होंने शूटिंग स्थल का पता लगाया और सेट पर पहुंचकर विजय से मुलाकात की। यहीं से दोनों के बीच जान-पहचान और बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ, जो बाद में जीवनभर के साथ में बदल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *