लव ट्रायंगल का खौफनाक अंत, प्रेमिका की हत्या कर झाड़ियों में छिपाया शव; प्रेमी ने खाया जहर

Spread the love

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से लव ट्रायंगल का एक खौफनाक अंजाम सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। प्रेमिका को दूसरे युवक के साथ देखकर प्रेमी इस कदर बौखला गया कि उसने उसकी हत्या कर शव झाड़ियों में छिपा दिया। दो दिनों तक किसी को इस वारदात की भनक तक नहीं लगी। लेकिन जब आरोपी ने अपने बेटे के सामने जुर्म कबूल किया, तो कहानी में एक और चौंकाने वाला मोड़ आ गया। बेटे ने उसे पुलिस के पास जाने की सलाह दी, लेकिन आरोपी ने खेत में जाकर जहर खाकर जान देने की कोशिश की। फिलहाल उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। यह घटना कोरबा और जांजगीर जिले से सीमावर्ती थाना क्षेत्र पंतोरा चौकी अंगारखार गांव की है।

दूसरे युवक के साथ प्रेमिका को देख हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, आरोपी की पहचान शिवचरण यादव (51 वर्ष) के रूप में हुई है। उसकी प्रेमिका धनेश्वरी बाई को उसने कथित तौर पर दूसरे युवक के साथ देख लिया था। इस बात को लेकर तीनों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि शिवचरण ने धनेश्वरी की हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने शव को नल के पास झाड़ियों में छिपा दिया, ताकि किसी को इसकी भनक न लगे।

घटना के बाद धनेश्वरी बाई दो दिनों तक गांव में दिखाई नहीं दी। इसके बाद ग्रामीणों को संदेह हुआ और गांव में बैठक बुलाई गई। इस दौरान संदेह के आधार पर शिवचरण को भी बुलाया गया, लेकिन उसने घटना में शामिल होने से इनकार कर दिया।

ये भी पढ़े :ट्रंप का नया टैरिफ प्लान: भारत से चीन तक 8 देशों पर 25% तक शुल्क लगाने की तैयारी

बेटे के सामने कबूला जुर्म, फिर खाया जहर

ग्रामीणों के सामने खुद को निर्दोष बताने के बाद शिवचरण घर पहुंचा। वहां उसने अपने बेटे दुर्गेश के सामने प्रेमिका की हत्या करने की बात कबूल कर ली। बेटे ने उसे पुलिस के पास जाकर पूरी घटना बताने और आत्मसमर्पण करने की सलाह दी। इसके बाद शिवचरण खेत में चला गया और वहां जहर खा लिया। जहर सेवन के बाद शिवचरण बेहोशी की हालत में मिला। परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल कोरबा लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है।

आरोपी की निशानदेही पर बरामद हुआ महिला का शव

अस्पताल से जहर सेवन की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने पुलिस को बताया कि शिवचरण ने एक महिला की हत्या करने की बात कबूल की है। इसके बाद पंतोरा चौकी पुलिस ने आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर बुधवार सुबह झाड़ियों से धनेश्वरी बाई का शव बरामद किया।

जांच में जुटी पुलिस

CSP प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि जिला अस्पताल के पुलिस सहायता केंद्र से एक व्यक्ति के जहर सेवन की सूचना मिली थी। शिवचरण यादव (51), निवासी पंतोरा ने जहर खाया था। परिजनों ने बताया कि उसने एक हत्या की है और इसी के सदमे में जहर का सेवन किया है। फिलहाल पंतोरा चौकी पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *