रायपुर :शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम, सुरक्षित, व्यवस्थित और आधुनिक बनाने के लिए रायपुर यातायात पुलिस ने नई पहल शुरू की है। इसी कड़ी में IIT भिलाई में ‘ट्रैफिक हैकाथॉन-2026’ को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य तकनीकी संस्थानों के विद्यार्थियों और युवाओं को यातायात से जुड़ी वास्तविक समस्याओं के तकनीकी एवं व्यावहारिक समाधान तैयार करने के लिए प्रेरित करना रहा।

यह पहल पुलिस कमिश्नर रायपुर डॉ. संजीव शुक्ला की परिकल्पना और डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में की जा रही है।
‘Our City | Our Roads | Our Ideas’ होगी हैकाथॉन की थीम
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 की थीम “Our City | Our Roads | Our Ideas” रखी गई है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों, इंजीनियरों, अर्बन प्लानर्स, स्टार्टअप्स, एनजीओ और आम नागरिकों के रचनात्मक विचारों को एक मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में IIT भिलाई के डायरेक्टर डॉ. राजीव प्रकाश, डीन संतोष विश्वास, चीफ टेक्निकल ऑफिसर अविजित महतो सहित दुर्ग-भिलाई के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राएं और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
छात्रों को बताया गया हैकाथॉन का पूरा प्लान
कार्यक्रम के दौरान एसीपी ट्रैफिक श्रीमती स्नेहिल साहू ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के जरिए विद्यार्थियों को हैकाथॉन की अवधारणा, उद्देश्य, विषय-वस्तु, सहभागिता और चयन प्रक्रिया की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे केवल समस्या की पहचान तक सीमित न रहें, बल्कि ऐसे तकनीकी, व्यावहारिक और नवाचारी समाधान तैयार करें, जिन्हें भविष्य में शहर की यातायात व्यवस्था में लागू किया जा सके।
इन 6 विषयों पर दे सकेंगे आइडिया
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में प्रतिभागी इन प्रमुख विषयों पर अपने समाधान और आइडिया प्रस्तुत कर सकेंगे—
– ट्रैफिक इंजीनियरिंग एवं प्रबंधन
– पार्किंग प्रबंधन
– सड़क सुरक्षा एवं ट्रैफिक नियंत्रण
– सार्वजनिक परिवहन का एकीकरण
– गैर-मोटर चालित परिवहन—पैदल एवं साइकिल ट्रैक
– ट्रैफिक प्रबंधन में AI/IoT का उपयोग
17 सितंबर तक कर सकेंगे रजिस्ट्रेशन
ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 के लिए रजिस्ट्रेशन और आइडिया सबमिशन 17 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक किया जा सकता है। प्रतिभागी Google Form के माध्यम से अपने आइडिया के साथ फोटो, वीडियो, मैप या अन्य आवश्यक सामग्री प्रस्तुत कर सकते हैं।
उत्कृष्ट और प्रभावी समाधान प्रस्तुत करने वाले विजेताओं को रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से आकर्षक पुरस्कार और सम्मान प्रदान किया जाएगा।
स्मार्ट सिग्नल से AI तक छात्रों में दिखा उत्साह
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने स्मार्ट सिग्नल, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा आधारित ट्रैफिक विश्लेषण, पार्किंग प्रबंधन, सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन जैसे विषयों में विशेष रुचि दिखाई।
यातायात पुलिस का कहना है कि इस पहल के जरिए पुलिस, तकनीकी संस्थानों, युवाओं, विशेषज्ञों और नागरिकों को एक मंच पर लाकर यातायात समस्याओं के नए और स्थायी समाधान विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने अधिक से अधिक युवाओं और तकनीकी संस्थानों से ट्रैफिक हैकाथॉन-2026 में भाग लेने की अपील की है, ताकि “अपने शहर, अपनी सड़कें और अपने विचार” के जरिए रायपुर की यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।




