



सुखा नदी पर निर्माणाधीन पुल के साइड एप्रोच में दरारें और धंसाव, निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल; विधायक बोले– भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : विकास कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जटियातोरा से कनसिंघी जाने वाले मार्ग पर सुखा नदी में लगभग 5 करोड़ 67 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल उद्घाटन से पहले ही सवालों के घेरे में आ गया है। पुल का निर्माण कार्य अभी पूर्णता की ओर है, लेकिन इसके साइड एप्रोच में धंसाव और कई स्थानों पर दरारें दिखाई देने लगी हैं। निर्माण कार्य की इस स्थिति ने न केवल निर्माण एजेंसी की कार्यप्रणाली, बल्कि संबंधित विभाग के अधिकारियों की निगरानी और गुणवत्ता परीक्षण पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।मामले की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक जनक ध्रुव ने निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर नाराजगी जताते हुए इसे लापरवाही का मामला बताया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता को आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 5 करोड़ 67 लाख रुपये की बड़ी राशि खर्च कर पुल का निर्माण कराया जा रहा है। लेकिन निर्माण पूरा होने से पहले ही साइड एप्रोच का धंसना और दरारें पड़ना बेहद चिंताजनक है। आखिर इतनी बड़ी राशि खर्च होने के बावजूद निर्माण कार्य की
गुणवत्ता ऐसी क्यों है?
विधायक जनक ध्रुव ने मीडिया के माध्यम से राज्य सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए मांग की कि इस पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच के लिए राज्य स्तर पर विशेषज्ञों की कमेटी गठित की जाए। कमेटी निर्माण में प्रयुक्त सामग्री, तकनीकी गुणवत्ता, निर्धारित मापदंडों और निर्माण कार्य की वास्तविक स्थिति की जांच करे। यदि जांच में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो संबंधित निर्माण एजेंसी और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। क्षेत्र की जनता के पैसों से बनने वाली सड़क, पुल और अन्य निर्माण कार्य टिकाऊ एवं गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। निर्माण कार्यों में इस प्रकार की लापरवाही और अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
ये भी पढ़े :महादेव सट्टा ऐप केस: सौरभ चंद्राकर को 7 दिन की न्यायिक रिमांड, ED की कस्टडी अर्जी खारिज
पांच साल से बेंदरानाला पर पुलिया की मांग, अब तक नहीं हुई सुनवाई
विधायक ने निरीक्षण के दौरान क्षेत्र की एक दूसरी महत्वपूर्ण समस्या भी उठाई। उन्होंने बताया कि सेंदबाहरा से जटियातोरा के बीच बेंदरानाला पर पुलिया निर्माण की मांग ग्रामीण पिछले पांच वर्षों से लगातार कर रहे हैं। सेंदबाहरा से भरुवामुड़ा तक प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पक्की सड़क बने पांच साल से अधिक समय हो चुका है, लेकिन बेंदरानाला पर पुलिया निर्माण का काम अब तक शुरू नहीं हो पाया है।विधायक ने कहा कि इस संबंध में उनके द्वारा भी कई बार प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर पुलिया निर्माण की मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। बारिश के दिनों में बेंदरानाला में पानी भर जाने से भरुवामुड़ा और जटियातोरा के स्कूली बच्चों सहित आम ग्रामीणों को छुरा आने-जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कई बार आवागमन बाधित होने से ग्रामीणों की दैनिक गतिविधियां और बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है।उन्होंने इस स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक ओर जहां जिस मार्ग पर पक्की सड़क तक का निर्माण नहीं हुआ है, वहां पुलिया का निर्माण कर दिया गया है, वहीं दूसरी ओर वर्षों से पक्की सड़क के साथ मौजूद बेंदरानाला पर पुलिया की मांग लंबित है। आखिर ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों और प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों का निर्धारण क्यों नहीं किया जा रहा है?
अब गुणवत्ता जांच और कार्रवाई का इंतजार
सुखा नदी पर 5.67 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल के साइड एप्रोच में निर्माण पूरा होने से पहले ही दिखाई दे रही दरारों और धंसाव ने निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह होगा कि संबंधित सेतु विभाग और जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या राज्य स्तर पर जांच कमेटी गठित कर निर्माण की तकनीकी गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी? क्या जिम्मेदार अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की जवाबदेही तय होगी या फिर यह मामला भी जांच और आश्वासनों की औपचारिकता तक सीमित रह जाएगा?फिलहाल क्षेत्रवासियों की नजर प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी है। जनता की मांग है कि पुल का उद्घाटन करने की जल्दबाजी के बजाय पहले इसकी गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए, ताकि सरकारी धन से बना यह पुल लंबे समय तक सुरक्षित और उपयोगी साबित हो सके।




