बेमेतरा की सभी ग्राम पंचायतों में 1 दिसंबर से शुरू होंगे वीबी-जी राम जी योजना के काम, जिला पंचायत सीईओ ने दिए निर्देश

Spread the love

 

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेमलता पद्माकर की अध्यक्षता में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में वीबी-जी राम जी योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन एवं बिहान योजना सहित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में सीईओ ने अधिकारियों एवं मैदानी अमले को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्यों को पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक दिसंबर से जिले की सभी ग्राम पंचायतों में वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत कार्य प्रारंभ किया जाए तथा श्रमिकों की मांग के अनुरूप अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। साथ ही स्वीकृत एवं अपूर्ण निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।

प्रधानमंत्री आवास योजना एवं मुख्यमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने लंबित आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा प्रगतिरत आवासों को समय-सीमा में पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।

ये भी पढ़े :बेमेतरा में तूफान से फसल नुकसान पर कार्रवाई तेज, अर्नव-अकवन की 7,208 शिकायतें सर्वे के दायरे में

स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने तथा गीला, सूखा, घरेलू हानिकारक एवं सैनिटरी कचरे के पृथक-पृथक संग्रहण के प्रति ग्रामीणों को जागरूक करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्मित एवं पात्र शौचालयों का भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित न रखने के निर्देश दिए।

बिहान योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्व-सहायता समूहों को आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी आय में वृद्धि के लिए योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपसंचालक पंचायत विभाग श्री हिमांशु साहू सहित जिला पंचायत के विभिन्न योजनाओं के अधिकारी-कर्मचारी, समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तकनीकी सहायक, कार्यक्रम अधिकारी, विकासखंड समन्वयक एवं क्लस्टर समन्वयक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *