सऊदी राजधानी रियाद पर मिसाइल हमले का खतरा, 3 बैलिस्टिक मिसाइलें रोकने का दावा; हूती-सऊदी संघर्ष तेज

Spread the love

रियाद: यमन के हूती लड़ाकू समूह और सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन के बीच संघर्ष तेज हो गया है। शनिवार को सऊदी राजधानी रियाद पर हवाई हमले का खतरा पैदा हुआ। सऊदी गठबंधन ने दावा किया कि रियाद की ओर दागी गई 3 बैलिस्टिक मिसाइलों को हवा में ही रोककर नष्ट कर दिया गया। वहीं, हूती समूह ने सऊदी अरब के कई इलाकों में जवाबी हमले करने का दावा किया है। इससे सऊदी अरब और यमन के बीच तनाव और बढ़ गया है।

रियाद में हवाई हमले का अलर्ट, सुनाई दिए धमाके

हमले से पहले सऊदी अधिकारियों ने रियाद के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी थी। शहर में हवाई हमले के खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया। इसके कुछ ही देर बाद 2 धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद अलर्ट वापस ले लिया गया। सऊदी गठबंधन ने बाद में बताया कि राजधानी की ओर आ रही 3 बैलिस्टिक मिसाइलों को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया। हालांकि, हूती समूह ने दावा किया कि उसने रियाद समेत सऊदी अरब में कई ठिकानों को निशाना बनाया है।

हूती विद्रोहियों ने दी थी जवाबी कार्रवाई की धमकी

इस तनाव की शुरुआत शुक्रवार को सऊदी गठबंधन के यमन में किए गए हमलों से हुई। गठबंधन ने लाल सागर के बंदरगाह शहर होदेइदा और अन्य इलाकों में ‘विशेष अभियान’ चलाया था। उसके मुताबिक, इन हमलों में हथियारों की तस्करी और उनकी ढुलाई से जुड़ी गतिविधियों को निशाना बनाया गया। सना, सादा और ताइज प्रांतों में भी हमले किए गए। इसके बाद हूती ने सऊदी अरब के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करने की धमकी दी थी।

जेद्दा और लाल सागर के पोर्ट को निशाना बनाने की चेतावनी

हूती ने चेतावनी दी थी कि अगर होदेइदा बंदरगाह पर हमला हुआ, तो वह सऊदी अरब के जेद्दा शहर और लाल सागर के अन्य बंदरगाहों को निशाना बनाएगा। समूह ने रियाद के वित्तीय जिले और अल-शुकाइक स्थित पावर स्टेशन पर भी हमले की धमकी दी थी। हूती के ‘मानवीय अभियान समन्वय केंद्र’ ने जेद्दा बंदरगाह का इस्तेमाल करने वाली शिपिंग कंपनियों और अन्य संस्थाओं को ईमेल भेजकर वहां से हटने की चेतावनी दी थी।

सऊदी गठबंधन ने बताया, होदेइदा बंदरगाह पर क्या किया?

सऊदी गठबंधन के प्रवक्ता तुर्की अल-मल्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बताया कि होदेइदा बंदरगाह पर उन ठिकानों को निशाना बनाया गया, जिनका इस्तेमाल हथियारों और बैलिस्टिक मिसाइलों की तस्करी व ढुलाई के लिए किया जा रहा था। गठबंधन ने आम नागरिकों को होदेइदा बंदरगाह खाली करने की चेतावनी भी दी थी। इसके बाद हूती ने सऊदी अरब के बंदरगाहों को निशाना बनाने की धमकी दोहराई।

ये भी पढ़े :मां को अंतिम विदाई देते समय भावुक हुए योगी आदित्यनाथ, पैतृक गांव पहुंचकर दिया पार्थिव शरीर को कंधा

दोनों पक्षों ने हमलों में भारी नुकसान का दावा किया

हूती समूह ने दावा किया कि पिछले 24 घंटों में सऊदी गठबंधन के हमलों में 41 लोग मारे गए हैं। वहीं, यमन में सऊदी समर्थित सशस्त्र बलों के मुताबिक, दर्जनों हवाई हमलों, ड्रोन हमलों और बमबारी में 193 हूती लड़ाके मारे गए या घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

जिजान के पास 2 मिसाइलें रोकी गईं, मलबा अल-शुकाइक में गिरा

सऊदी गठबंधन के प्रवक्ता ने बताया कि यमन की सीमा के पास जिजान क्षेत्र के ऊपर दो बैलिस्टिक मिसाइलों को भी रोक दिया गया। इन मिसाइलों का मलबा अल-शुकाइक इलाके में गिरा। दूसरी ओर, हूती सैन्य प्रवक्ता ने दावा किया कि उनके समूह ने अल-शुकाइक पावर स्टेशन और जिजान बंदरगाह पर सटीक और सीधे हमले किए, जिससे भारी नुकसान हुआ है।

मोचा में पावर स्टेशन की तस्वीरें जारी

गठबंधन के हवाई हमलों के बाद हूती के अल-मसीराह टीवी चैनल पर मोचा में क्षतिग्रस्त एक पावर स्टेशन की तस्वीरें दिखाई गईं। हूती ने सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र को भी असुरक्षित बताया। समूह ने एयरलाइंस को चेतावनी दी कि आने वाले कुछ घंटों में सऊदी हवाई क्षेत्र उसके अभियानों का केंद्र हो सकता है। हालांकि, उसने मक्का और मदीना के ऊपर के पवित्र हवाई क्षेत्र को इस चेतावनी से बाहर रखा। बता दें कि कुछ दिन पहले ऐसी खबरें आई थीं कि सऊदी ने हूतियों को एक अरब डॉलर देने का प्रस्ताव रखा है, ताकि शांति आ सके, लेकिन अभी तक इस पर कुछ ठोस बात सामने नहीं आई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *