लंबे इंतजार के बाद धनुष की फिल्म ‘ओ एम चैप्टर 1: उधिरम – द ब्लड वुड’ यानी ‘ऑपरेशन मोल’ का मोस्ट अवेडेट ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है और यह लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरा है। ट्रेलर हमें लाल चंदन की तस्करी की दुनिया में ले जाता है। इसमें धनुष एक लकड़हारे की भूमिका में हैं, जो इस खतरनाक सिंडिकेट में गहराई तक फंस जाता है। साई पल्लवी, जो इन दिनों ‘रामायण’ में सीता माता के किरदार से सबका दिल जीत रही हैं। वे ‘O.M’ में CBI अधिकारी नित्या रेड्डी के रूप में एक दमदार छाप छोड़ती हैं। वहीं ममूटी नेता के रोल में बहुत ही दमदार लग रहे हैं।
धनुष की O.M ट्रेलर से छाए ममूटी-साई पल्लवी
‘ओ एम चैप्टर 1: उधिरम’ के ट्रेलर में साई पल्लवी के किरदार की झलक देखने को मिलती है, जिसमें ईमानदारी, समझदारी और युवा जोश के साथ अनुभव का शानदार मेल नजर आता है। ट्रेलर में उन्हें ‘ऑपरेशन मोल’ का नेतृत्व करते हुए और तस्करी के इस गिरोह का पर्दाफाश करने की कोशिश करते हुए देखा जा सकता है। फिल्म में सबसे बड़ा सरप्राइज ममूटी की एंट्री है, जो एक राजनेता के किरदार में नजर आते हैं। धनुष के साथ पहली बार स्क्रीन साझा करते हुए वे एक दमदार और रहस्यमयी किरदार में नजर आते हैं, जो पर्दे के पीछे रहकर पूरे कारोबार को अपने इशारों पर चलाता दिखाई देता है।
धनुष की O.M में इस बॉलीवुड एक्टर की हुई एंट्री
‘ओ एम चैप्टर 1: उधिरम’ ट्रेलर में नसीरुद्दीन शाह की भी एक झलक देखने को मिलती है। हालांकि उनके किरदार के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं दी गई है, लेकिन ऐसा लगता है कि यह एक छोटा रोल है। इन चार दिग्गज कलाकारों के अलावा फिल्म में श्रीलीला भी हैं, जो धनुष की पत्नी का किरदार निभा रही हैं।
‘ओ एम चैप्टर 1’ कब होगा रिलीज
इस फिल्म को ‘अमरन’ फेम राजकुमार पेरियासामी ने लिखा और निर्देशित किया है। इसे संगीत साई अभ्यंकर ने दिया है। वंडरबार फिल्म्स और आरटेक स्टूडियोज द्वारा निर्मित यह फिल्म एक फ्रेंचाइजी की शुरुआत के रूप में बनाई गई है। शानदार एक्शन, दमदार अभिनय और दिलचस्प कहानी के साथ ‘ओ.एम’ इस साल तमिल सिनेमा की एक बेहतरीन फिल्म साबित हो सकती है। यह प्रोजेक्ट दो भागों वाली फ्रेंचाइजी की पहली किस्त है। पहले इसे अक्टूबर में रिलीज किया जाना था, लेकिन रजनीकांत की ‘जेलर 2’ और सूर्या की ‘सीन’ के साथ बॉक्स-ऑफिस पर टकराव से बचने के लिए इसकी रिलीज टाल दी गई। अब यह फिल्म 20 नवंबर, 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।




