छत्तीसगढ़ में फिर बदला मौसम: बंगाल की खाड़ी का सिस्टम एक्टिव, आज भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट; जानें आपके जिले का हाल

Spread the love

रायपुर :  छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई इलाकों में बारिश का दौर जारी है। बस्तर और सरगुजा संभाग में कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगस्त के अंत तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक मौसमी सब-डिवीजन में अब तक बारिश सामान्य के आसपास रही है, हालांकि 7 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव क्षेत्र अब छत्तीसगढ़ के मौसम को प्रभावित कर रहा है।

रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी रायपुर में 24 अगस्त को आसमान सामान्यतः मेघमय रहने की संभावना है। इस दौरान कुछ दौर में बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।रविवार को हुई बारिश के दौरान राजधानी के महादेव घाट रोड पर कावड़िए भी बारिश के बीच यात्रा करते नजर आए।

बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव सक्रिय

मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को दोपहर 2:30 बजे IST पर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है।

ये भी पढ़े :पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के जन्मदिन पर सेवा की पहल, अय्यूब खान ने स्कूली बच्चों को बांटे निःशुल्क जूते

इसके अगले 24 घंटे में उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए उत्तर ओडिशा और उससे लगे गंगीय पश्चिम बंगाल की ओर जाने की संभावना है। वहीं, इस सिस्टम से जुड़ी द्रोणिका झारखंड और उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पूर्वी उत्तर प्रदेश तक फैली हुई है।

24 अगस्त को भारी बारिश की चेतावनी

सक्रिय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से मौसम विभाग ने 24 अगस्त को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। वहीं, एक-दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है।

बारिश के साथ कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इन इलाकों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

पिछले 24 घंटों में एमसीबी जिले के जनकपुर से लगे कोटाडोल में 11 सेमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा:

– रामचंद्रपुर – 8 सेमी
– तोकापाल – 8 सेमी
– करपावंड – 8 सेमी
– छुरा – 7 सेमी
– नांगार – 7 सेमी
– सुकमा – 6 सेमी
– लोरमी – 6 सेमी
– जगदलपुर – 6 सेमी
– केशकाल – 6 सेमी
– बस्तर – 6 सेमी

 इन इलाकों में बारिश के आसार

रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा, बस्तर, एमसीबी, कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, कांकेर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, सुकमा और आसपास के कई जिलों में बारिश की संभावना बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *