गरियाबंद में शराब पीकर घूमना पड़ेगा भारी! पर्यटन स्थल के पास पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 नशेड़ी चालक पकड़े गए

Spread the love

गरियाबंद :  जिले के पर्यटन स्थलों पर शराब का सेवन कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ गरियाबंद पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के निर्देश पर यातायात पुलिस लगातार चेकिंग अभियान चला रही है। इसी कड़ी में चिंगरापगार तिराहा के पास विशेष जांच अभियान चलाकर शराब के नशे में वाहन चला रहे 3 मोटरसाइकिल चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई।

ब्रीथ एनालाइजर से हुई जांच, 3 चालक पकड़े गए

पुलिस के मुताबिक, पर्यटन स्थलों को देखते हुए सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चिंगरापगार तिराहा के पास विशेष चेकिंग पॉइंट लगाया गया था। इस दौरान आने-जाने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर मशीन से अल्कोहल टेस्ट किया गया।

जांच के दौरान तीन मोटरसाइकिल चालक अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत वैधानिक कार्रवाई की।

ये भी पढ़े :सक्ती थाने में 2 महीने से FIR के लिए भटक रही नवविवाहिता, दहेज प्रताड़ना के गंभीर आरोप; पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

वाहन जब्त, न्यायालय भेजने की प्रक्रिया

शराब के नशे में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते पाए गए तीनों चालकों के वाहन मौके पर जब्त किए गए। पुलिस ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए मामले न्यायालय भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

पर्यटन स्थलों पर पुलिस की नजर

गरियाबंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के पर्यटन स्थलों पर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के साथ-साथ पर्यटकों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने आम लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी प्रकार के नशे का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। नशे में वाहन चलाना न केवल चालक की जान को खतरे में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य निर्दोष लोगों की जिंदगी के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।

गरियाबंद पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील करते हुए कहा है कि नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग और कानूनी कार्रवाई का अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *