डोंगरगढ़ में पुलिस टीम से भिड़े युवक-महिलाएं! अवैध शराब की कार्रवाई के दौरान मारपीट, VIDEO वायरल

Spread the love

डोंगरगढ़ :  छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में अवैध शराब की बिक्री की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची पुलिस टीम के साथ विवाद और कथित मारपीट का मामला सामने आया है। शुक्रवार रात मोचीपारा के रविदास नगर में हुई इस घटना में कुछ युवक और महिलाओं के शामिल होने की जानकारी है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू कर दी है।

 अवैध शराब की सूचना पर मौके पर पहुंची थी पुलिस

जानकारी के मुताबिक, डोंगरगढ़ थाना पुलिस को शुक्रवार रात रविदास नगर में अवैध शराब की बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों के साथ पुलिसकर्मियों का विवाद हो गया।

आरोप है कि देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और कुछ युवक तथा महिलाएं पुलिस जवानों से उलझ गए। इस दौरान झूमाझटकी और मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ कैडर के IAS तंबोली अय्याज फकीरभाई को बड़ी जिम्मेदारी, IRDAI में बने कार्यकारी निदेशक

वायरल VIDEO में कपड़े उतारता दिखा युवक

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में एक युवक अपने कपड़े उतारते हुए दिखाई देता है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसे अवैध शराब के साथ पकड़ा था। वीडियो में कुछ महिलाएं भी पुलिसकर्मियों से बहस करती नजर आ रही हैं।

हालांकि, वायरल वीडियो से विवाद की शुरुआत और पूरी घटना का क्रम स्पष्ट नहीं होता। इसलिए घटना के सभी पहलुओं और संबंधित लोगों की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

युवक-महिलाओं की भूमिका की जांच, FIR दर्ज

पुलिस टीम के साथ हुए विवाद में युवक और महिलाओं की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। फिलहाल, आरोपियों की कुल संख्या और प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

SDOP बोले- आरोपियों की पहचान कर जल्द होगी गिरफ्तारी

डोंगरगढ़ के SDOP केसरीनंदन नायक ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद अब पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की शुरुआत और घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *