बच्चों को डूबता देख तालाब में कूदा युवक: दो की बचाई जान, 12 वर्षीय जिकरान की डूबने से मौत; MCB में दर्दनाक हादसा

Spread the love

एमसीबी :  मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी नगर पंचायत क्षेत्र में रविवार को बड़ा तालाब में दर्दनाक हादसा हो गया। तालाब में नहाने गए तीन बच्चे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख तालाब के पास मौजूद स्थानीय युवक शाकिर अली ने बिना अपनी जान की परवाह किए पानी में छलांग लगा दी।युवक ने काफी मशक्कत के बाद दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तीसरा बच्चा गहरे पानी में चला गया और उसका पता नहीं चल सका।

बच्चों को डूबता देख तालाब में कूदा युवक

जानकारी के अनुसार, तीनों बच्चे रविवार को खोंगापानी के बड़ा तालाब में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर कुछ दूरी पर मौजूद शाकिर अली तुरंत मौके पर पहुंचा और तालाब में छलांग लगा दी।

शाकिर ने अपनी जान जोखिम में डालकर बच्चों को बचाने का प्रयास किया और दो बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने में सफल रहा। हालांकि तीसरा बच्चा गहरे पानी में चला गया।

ये भी पढ़े :NEET UG काउंसलिंग पर मंत्री की दो टूक: डोमिसाइल में गड़बड़ी मिली तो होगी सख्त कार्रवाई, फर्जीवाड़े पर प्रवेश रद्द

गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद बरामद किया शव

घटना की सूचना मिलते ही तालाब के पास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। पुलिस और रेस्क्यू टीम भी मौके पर पहुंची। स्थानीय गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में बच्चे की तलाश शुरू की गई।

काफी मशक्कत के बाद बच्चे का शव पानी से बरामद कर लिया गया। शव बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

12 वर्षीय बच्चे की मौत से परिवार में मातम

मृतक बच्चे की पहचान 12 वर्षीय मोहम्मद जिकरान, पिता मोहम्मद एजाज, निवासी वार्ड क्रमांक-03, खोंगापानी के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। हादसे के बाद मृतक बच्चे के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *