ग्राम सिवनी में 17.84 लाख के कार्यों का लोकार्पण, 69 लाख के विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक रोहित साहू ने दी विकास कार्यों की सौगात, बोले—जनता के भरोसे पर खरा उतरना ही मेरा संकल्प

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद /छुरा  : विकासखंड छुरा के ग्राम पंचायत सिवनी में रविवार को विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू ने सिवनी एवं आश्रित ग्रामों के लिए विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। इस दौरान करीब 17.84 लाख रुपये के निर्माण कार्यों का लोकार्पण तथा लगभग 69 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
विधायक रोहित साहू एवं अतिथियों के गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने बाजे-गाजे और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने की। विशेष अतिथि के रूप में भाजपा मंडल छुरा महामंत्री अशोक कुमार ठाकुर, जनपद सदस्य पंकज निर्मलकर, जनपद सदस्य पार्वती ध्रुव, फनेश्वर महाविद्यालय फिंगेश्वर के अध्यक्ष राजू साहू, सरपंच गंगा बाई ठाकुर एवं उपसरपंच सुलोचना नायक सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इन विकास कार्यों का हुआ भूमिपूजन
कार्यक्रम के दौरान विधायक रोहित साहू ने ग्राम पंचायत सिवनी में 28.51 लाख रुपये की लागत से बनने वाले उपस्वास्थ्य केंद्र, 10 लाख रुपये के राजमिस्त्री सामुदायिक भवन, 6.50 लाख रुपये के धनश्री सामुदायिक भवन तथा 10 लाख रुपये के टिनशेड निर्माण का भूमिपूजन किया। वहीं ग्राम राजपुर में 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले प्रार्थना शेड का भी विधिवत भूमिपूजन किया गया।इसके अलावा सिवनी के आश्रित ग्राम कांटाखुसरी में बंजारा समाज भवन तथा सिवनी में निर्मित टिनशेड निर्माण कार्य का पूजा-अर्चना के साथ लोकार्पण किया गया।

ग्रामीणों की मांग पर स्कूल भवन की स्वीकृति दिलाई: रोहित साहू
सभा को संबोधित करते हुए विधायक रोहित साहू ने कहा कि विधायक बनने के बाद जब वे पहली बार सिवनी पहुंचे थे, तब ग्रामीणों ने स्कूल भवन की आवश्यकता बताई थी। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल स्कूल भवन की स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया। इसी तरह ग्राम पेंड्रा में भी स्कूल भवन स्वीकृत कराया गया है।उन्होंने कहा कि खरखरा से रसेला मार्ग की स्थिति खराब होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। इसे देखते हुए सड़क के डामरीकरण की स्वीकृति दिलाई गई। उनका उद्देश्य राजिम विधानसभा क्षेत्र के गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पुल-पुलिया और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करना है।विधायक ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, वह उनके लिए केवल राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनसेवा का संकल्प है। उन्होंने कहा कि राजिम विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों रुपये के विकास कार्य चल रहे हैं और आने वाले समय में विकास कार्यों की गति और तेज करने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने शासन की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान मिल रहे हैं। किसानों से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाया जा रहा है।

ये भी पढ़े :सड़क पर निकला आरोपियों का जुलूस, लगवाए गए ‘जुर्म करना पाप है, कानून हमारा बाप है’ के नारे

‘आने वाले ढाई वर्षों में विकास कार्यों को और गति देंगे’
विधायक रोहित साहू ने कहा कि उनके कार्यकाल के ढाई वर्ष पूरे हो चुके हैं और अभी ढाई वर्ष शेष हैं। उन्होंने सिवनी सहित पूरे राजिम विधानसभा क्षेत्र की जनता को भरोसा दिलाते हुए कहा कि आने वाले समय में सड़क, पुल-पुलिया, स्वास्थ्य, शिक्षा और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विकास कार्यों को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास को बनाए रखना उनका संकल्प है। इस दौरान विधायक ने स्वेच्छा अनुदान निधि से सात हितग्राहियों को पांच-पांच हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

‘अब विकास के लिए गांवों को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे’
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहीं जिला पंचायत सभापति शिवांगी चतुर्वेदी ने कहा कि पहले ग्रामीणों को विकास कार्यों के लिए दफ्तरों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं। उन्होंने कहा कि विधायक रोहित साहू लगातार गांव-गांव पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुन रहे हैं और जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं।उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व जनता के बीच रहकर उसकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में काम करना है। सिवनी में एक साथ कई विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने ग्रामीणों से निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर नजर रखने तथा शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने की अपील की।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
कार्यक्रम में सरपंच गंगा बाई ठाकुर, उपसरपंच सुलोचना नायक, उपसरपंच खिरमणी हरपाल, अवध राम ओगरे, लक्की नायक, मंजू नायक, कमलेश्वरी ध्रुव, माधुरी ध्रुव, धनेश ध्रुव, मोहन मरकाम, पीहार ठाकुर, गैदलाल ओगरे, रेवाराम ध्रुव, संतु दिवान, भीमराम नायक, हेमलाल नायक सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *