26.39 करोड़ से बदलेगा खर्रा घाट का नजारा, बनेगा ऑक्सीजोन और चमकेगा 2 KM मरीन ड्राइव

Spread the love

रायगढ़ :  छत्तीसगढ़ के रायगढ़ शहर में ऐतिहासिक खर्रा घाट को नया स्वरूप देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। यहां करीब 26 करोड़ 39 लाख रुपये की लागत से ऑक्सीजोन निर्माण और मरीन ड्राइव के सुदृढ़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण का काम शुरू हो गया है। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने पूजा-अर्चना कर विकास कार्यों का शुभारंभ किया।

एनटीपीसी के सीएसआर मद से होने वाले इस विकास कार्य के तहत खर्रा घाट में करीब 8.30 एकड़ भूमि पर ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक लगभग 2 किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव का सुदृढ़ीकरण, उन्नयन और पाथवे निर्माण किया जाएगा।

8.30 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन

परियोजना पूरी होने के बाद खर्रा घाट क्षेत्र को हरित और मनोरंजक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। ऑक्सीजोन में हरियाली बढ़ाने के साथ शहरवासियों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान तैयार किया जाएगा। इसका उद्देश्य नदी किनारे के क्षेत्र को व्यवस्थित और आकर्षक स्वरूप देना है।

2 किलोमीटर मरीन ड्राइव में होंगे ये काम

खर्रा घाट से न्यू शनि मंदिर तक करीब दो किलोमीटर लंबे मरीन ड्राइव में पाथवे, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और अन्य जरूरी नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा। इससे नदी किनारे का क्षेत्र अधिक व्यवस्थित होगा और लोगों को घूमने तथा समय बिताने के लिए बेहतर स्थान मिल सकेगा।

प्रकाश व्यवस्था के बाद मरीन ड्राइव क्षेत्र रात के समय भी रोशन और आकर्षक नजर आएगा।

सेवा ही संकल्प अभियान के तहत हुआ श्रमदान

विकास कार्यों के शुभारंभ के साथ सेवा ही संकल्प अभियान के तहत खर्रा घाट में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश भी दिया गया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि स्वच्छता को केवल एक दिन की गतिविधि तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे लगातार चलने वाली प्रक्रिया के रूप में अपनाने की जरूरत है।

उन्होंने केलो नदी को रायगढ़ की जीवनदायिनी नदी बताते हुए इसके घाटों की स्वच्छता और संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

ये भी पढ़े :इनोवा में छिपाकर ले जा रहे थे 132 किलो गांजा, नाकाबंदी में पकड़े गए दो तस्कर; 81.20 लाख का माल जब्त

रायगढ़ में 10 से ज्यादा ऑक्सीजोन बनाने की तैयारी

वित्त मंत्री के मुताबिक रायगढ़ में पर्यावरण संरक्षण और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्थानों पर ऑक्सीजोन और हरित क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं।

सिंदूर पार्क, दूध डेयरी, किसान राइस मिल, पहाड़ मंदिर, नगरवन उर्दना और कोसाबाड़ी समेत अन्य स्थानों पर भी ऑक्सीजोन विकसित करने की दिशा में काम चल रहा है। खर्रा घाट को शामिल करते हुए करीब 8 ऑक्सीजोन निर्माणाधीन या प्रस्तावित बताए गए हैं। आने वाले समय में इनकी संख्या 10 से अधिक करने की दिशा में काम किया जाएगा।

नालंदा परिसर से स्टेडियम तक कई विकास कार्य

ओपी चौधरी ने कहा कि रायगढ़ में नालंदा परिसर, मरीन ड्राइव, पुलिया, फोरलेन सड़क, सामुदायिक भवन और विभिन्न सड़कों समेत कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है। मिनी स्टेडियम और रायगढ़ स्टेडियम के उन्नयन से युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं मिलने की बात भी उन्होंने कही।

इसके अलावा बजट और पूर्व में की गई घोषणाओं के अनुरूप रायगढ़ में शासकीय संगीत महाविद्यालय की स्थापना की दिशा में भी काम आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने आने वाले वर्षों में शहर में 100 से अधिक विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।

अप्पू राजा ने खींचा लोगों का ध्यान

सेवा ही संकल्प अभियान के कार्यक्रम में अप्पू राजा भी आकर्षण का केंद्र रहा। स्वच्छता के प्रतीक के रूप में लोगों के बीच पहुंचे अप्पू राजा ने शहरवासियों को ‘स्वच्छ रायगढ़, सुंदर रायगढ़’ का संदेश दिया।

बच्चों और बड़ों ने अप्पू राजा के साथ सेल्फी ली। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भी अप्पू राजा से हाथ मिलाकर स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

नगर निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय के निर्देशन में करीब डेढ़ वर्ष पहले अप्पू राजा को रायगढ़ की स्वच्छता के प्रतीक के रूप में तैयार किया गया था। इसका शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया था। तब से यह स्वच्छता और जनभागीदारी के संदेश का माध्यम बना हुआ है।

कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, निगम सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत पठारे, निगम आयुक्त बृजेश सिंह क्षत्रिय समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में शहरवासी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *