आरंग : नगर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। हाईवे बाईपास तिराहे के पास चाय गुमटी संचालित करने वाले 46 वर्षीय रमेश कुमार देवांगन के बैंक खाते से साइबर ठगों ने करीब 68 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने घटना की शिकायत आरंग थाने में की है। पुलिस साइबर सेल की मदद से मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह रमेश कुमार के मोबाइल पर बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया। अचानक खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने मामले को समझने और बैंक खाता ब्लॉक कराने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान ठगों ने लगातार कई ट्रांजेक्शन कर दिए। करीब आधे घंटे के भीतर खाते से लगभग 68 हजार रुपये निकाल लिए गए।
पीड़ित के मोबाइल पर रकम निकासी के मैसेज लगातार आने से वह घबरा गया। वह खाते को ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी कर पाता, उससे पहले ही साइबर ठगों ने कई बार लेन-देन कर खाते से बड़ी रकम निकाल ली।
घटना के बाद रमेश कुमार देवांगन आरंग थाना पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल द्वारा बैंक खाते से हुए लेन-देन, ट्रांजेक्शन की जानकारी और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि ठगी किस तरीके से की गई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस ने नागरिकों से बैंक खाते से संबंधित किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलते ही तत्काल बैंक और पुलिस को सूचना देने की अपील की है।





