रायपुर: रायगढ़ जिले के पुसौर नगर पंचायत में 8 भाजपा पार्षदों के पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफे के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है। पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और विकास कार्यों को लेकर नाराजगी जताते हुए अपना त्यागपत्र जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा है। रिपोर्टों के मुताबिक पुसौर नगर पंचायत में कुल 15 पार्षद हैं और भाजपा बहुमत में है।
इस घटनाक्रम पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। उन्होंने इसे राजनीति में होने वाली सामान्य प्रक्रिया बताते हुए कहा कि अलग-अलग परिस्थितियों और कारणों के चलते लोग इस्तीफा देते रहते हैं।
विकास कार्यों को लेकर पार्षदों ने जताई नाराजगी
इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अपने वार्डों में विकास कार्य नहीं होने का आरोप लगाया है। पार्षदों का कहना है कि पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम अपेक्षा के मुताबिक नहीं हो रहे हैं। पार्षद निधि से प्रस्तावित कार्यों को लेकर भी उन्होंने असंतोष जताया है।
पार्षदों की ओर से शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर भी नाराजगी व्यक्त की गई है। हालांकि, भाजपा की ओर से कहा गया है कि औपचारिक इस्तीफा संगठन को प्राप्त होने की स्थिति और आगे की प्रक्रिया पर अभी स्थिति स्पष्ट होनी बाकी है। पार्टी ने इसे आंतरिक मामला बताते हुए बातचीत के जरिए समाधान की बात कही है।
इन पार्षदों ने दिया इस्तीफा
जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को त्यागपत्र सौंपने वालों में वार्ड क्रमांक 6 के बलराम, वार्ड 14 के शौकीलाल चौहान, वार्ड 11 के रूपेश कुमार साव, वार्ड 1 के प्रदीप यादव, वार्ड 2 के फागूलाल प्रधान, वार्ड 3 की मंजू पटेल, वार्ड 7 के वरुण महाणा और नगर पंचायत उपाध्यक्ष उमेश साव शामिल हैं।
15 सदस्यीय नगर पंचायत में बदले समीकरण
पुसौर नगर पंचायत में अध्यक्ष समेत 15 निर्वाचित पद हैं। ऐसे में भाजपा से जुड़े 8 पार्षदों के एक साथ इस्तीफे की जानकारी सामने आने से स्थानीय राजनीतिक समीकरण को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, इस्तीफों पर संगठन की आगे की कार्रवाई और पार्षदों के साथ बातचीत के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।
‘आशीर्वाद का दीया’ के खर्च पर भूपेश बघेल के सवालों का जवाब
इधर ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के खर्च को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से उठाए गए सवालों पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि एक-एक दीए का जवाब दिया जाएगा और जनता इन सवालों का जवाब देगी।
मंत्री ने कहा कि जितना जवाब चाहिए, उसका जवाब 2028 के विधानसभा चुनाव में जनता देगी।
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव पर एक महिला से दीया खरीदने की घटना भी सामने आई थी।
सरगुजा में कांग्रेस के दावे पर भी मंत्री का पलटवार
कांग्रेस की ओर से सरगुजा की सभी 14 विधानसभा सीटों पर वापसी के दावे को लेकर भी मंत्री जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कांग्रेस के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि सपने देखने में कुछ नहीं जाता।
मंत्री ने दावा किया कि जब कांग्रेस के पास सरगुजा की 14 सीटें थीं, तब वह उन्हें संभाल नहीं पाई और अब उसके पास कोई सीट नहीं है। उन्होंने कहा कि सरगुजा में कांग्रेस लगातार तीसरी बार शून्य सीट पर रहेगी।




