रायपुर से नागपुर जा रही SUV की ट्रक से भीषण टक्कर, 3 बच्चों समेत 8 की मौत; 3 घायल

Spread the love

रायपुर : महाराष्ट्र के भंडारा जिले में नागपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। लाखनी तहसील के मानेगांव और पिंपलगांव के बीच रायपुर से नागपुर जा रही एसयूवी की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एसयूवी में सवार तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

सुबह करीब 4 बजे हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक एसयूवी में सवार लोग छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से नागपुर की ओर जा रहे थे। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे मानेगांव और पिंपलगांव के बीच उनकी गाड़ी की ट्रक से टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एसयूवी ट्रक में बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

ये भी पढ़े :15 FIR वाले सर्पदंश मुआवजा घोटाले में बड़ा मोड़, आरोपी डॉक्टर को हाईकोर्ट से राहत; मिली स्थायी जमानत

दो JCB की मदद से निकाले गए लोग

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। ट्रक में फंसी एसयूवी को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी मशीनों की मदद लेनी पड़ी।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला।

तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी

इस दर्दनाक हादसे में तीन बच्चों समेत आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में घायल तीन लोगों को तत्काल उपचार के लिए साकोली उप-जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतकों और घायलों की पहचान कर उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *