झारखंड में हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार को अदालत से बड़ा झटका लगा है। जानकारी के अनुसार, झारखंड हाई कोर्ट ने सरकार द्वारा हाल ही में JPSC की परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द किए जाने के फैसले पर रोक लगा दी है। परीक्षाएं और नियुक्तियां रद्द किए जाने के सरकार के आदेश के खिलाफ दायर अलग-अलग याचिकाओं पर झारखंड हाई कोर्ट में गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने अदालत में याचिका दायर करने वाले प्राथियों को बड़ी राहत देते हुए सरकार के आदेश पर रोक लगा दी है।
नवनियुक्त अफसरों को बड़ी राहत मिली
हाई कोर्ट द्वारा सरकार के आदेश पर रोक लगने से अदालत की शरण लेने वाले नवनियुक्त अफसरों को बड़ी राहत मिली है। इस मामले की सुनवाई हाईकोर्ट के न्यायाधीश जस्टिस दीपक रौशन की कोर्ट में हुई।प्रार्थियो की ओर से अधिवक्ता इंद्रजीत सिन्हा, अमृतांश वत्स ने बहस की। हाई कोर्ट से जिन लोगों को राहत मिली है उसमें सौरभ सिंह, अवधेश कुमार, दीप माला और सोनम कुमारी शामिल है। इन्हीं की ओर से हाई कोर्ट में याचिका दायर की गई है। JPSC परीक्षा के जरिए चयनित होकर नौकरी कर रहे कई लोगों ने राज्य सरकार के आदेश को चुनौती देते हुए याचिका दायर की थी।
आपको बता दें कि इससे पहले JPSC और JSSC की परीक्षाओं और नियुक्तिओं में कथित अनियमितताओं को लेकर झारखंड की राजधानी रांची में कई हफ्तों तक छात्रों का प्रदर्शन देखने को मिला था। ऐसे में सीएम हेमंत सोरेन ने कई बड़ी परीक्षाओं और नियुक्तियों को रद्द करने का ऐलान किया था। इसके अलावा सरकार ने कदाचार से जुड़े मामलों की जांच के लिए हाई कोर्ट से फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने का अनुरोध करने, दोनों आयोगों में आंतरिक निगरानी प्रकोष्ठ बनाने और परीक्षा सुधार के लिए एक कमेटी गठित करने का फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक, इस कमेटी को अपनी रिपोर्ट 2 महीने के भीतर सरकार को सौंपनी पड़ेगी।
जानिए कौन-कौन सी परीक्षाएं रद्द हुईं
- विश्वविद्यालयों में गैर-शैक्षणिक पदों की भर्ती — विज्ञापन 09/2025
- सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद (बैकलॉग) — विज्ञापन 10/2025
- सहायक निदेशक/वरिष्ठ वैज्ञानिक पद (नियमित) — विज्ञापन 11/2025
- ड्रग इंस्पेक्टर — विज्ञापन 12/2025
- सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (बैकलॉग) — विज्ञापन 02/2026
- सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (बैकलॉग) — विज्ञापन 03/2026
- सरकारी पॉलिटेक्निक/महिला पॉलिटेक्निक में लेक्चरर (नियमित) — विज्ञापन 04/2026
- मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्रोफेसर (सुपर स्पेशलिस्ट) — विज्ञापन 07/2026
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) — विज्ञापन 22/2023
- सहायक वन संरक्षक — विज्ञापन 03/2024
- फॉरेस्ट रेंज ऑफिसर — विज्ञापन 04/2024
- सहायक लोक अभियोजक (बैकलॉग) — विज्ञापन 05/2025
- सहायक लोक अभियोजक (नियमित) — विज्ञापन 06/2025
- झारखंड संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 — विज्ञापन 01/2026
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2025 (बैकलॉग) — विज्ञापन 05/2026
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 (बैकलॉग) — विज्ञापन 06/2026
- फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 18/2023
- चाइल्ड डेवलपमेंट प्रोजेक्ट ऑफिसर — विज्ञापन 21/2023
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2023 — विज्ञापन 01/2024
- 5वीं संयुक्त सिविल सेवा भर्ती — विज्ञापन 06/2013
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) — विज्ञापन 10/2015
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) विशेष भर्ती — विज्ञापन 11/2015
- मृदा संरक्षण पदाधिकारी — विज्ञापन 12/2015
- सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी — विज्ञापन 03/2015
- सहायक निदेशक कृषि/अनुमंडल कृषि पदाधिकारी (बैकलॉग) — विज्ञापन 04/2015
- फूड सेफ्टी ऑफिसर — विज्ञापन 01/2016
- डेंटिस्ट (बेसिक कैडर) — विज्ञापन 02/2016
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा (बैकलॉग) — विज्ञापन 27/2017
- कॉमर्शियल टैक्सेस (लिमिटेड) परीक्षा — विज्ञापन 10/2010
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2016 — विज्ञापन 23/2016
- जियोलॉजिस्ट एवं केमिस्ट भर्ती — विज्ञापन 01/2017 और 02/2017
- सहायक लोक अभियोजक — विज्ञापन 03/2018
- सिविल जज (जूनियर डिवीजन) नियमित — विज्ञापन 12/2018
- संयुक्त सहायक अभियंता भर्ती — विज्ञापन 05/2019
- संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा-2021 — विज्ञापन 01/2021
- डेंटल डॉक्टर भर्ती — विज्ञापन 01/2022
- 6वीं सीमित उप समाहर्ता — विज्ञापन 11/2018
- झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) 2024 — विज्ञापन 08/2025
- CGL परीक्षा — विज्ञापन 10/2023। इसे SIT जांच और CID जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर रद्द किया गया है।

