रायपुर : NEET UG काउंसलिंग 2026 को लेकर छत्तीसगढ़ के चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साफ कहा है कि प्रदेश के विद्यार्थियों के हितों के साथ किसी भी तरह की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मेडिकल कॉलेज और MBBS सीटें बढ़ाने का उद्देश्य प्रदेश के अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को मेडिकल शिक्षा का अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्री जायसवाल ने डोमिसाइल को लेकर सामने आने वाली शिकायतों पर गंभीरता से जांच का भरोसा दिलाते हुए कहा कि काउंसलिंग व्यवस्था को पारदर्शी और मजबूत बनाया गया है। जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज सही हैं, उन्हें किसी तरह की चिंता करने की जरूरत नहीं है। वहीं, नियमों के उल्लंघन या फर्जीवाड़े की पुष्टि होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों ने मेहनत के दम पर मेडिकल प्रवेश की तैयारी की है। उनके भविष्य और अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है। मेडिकल कॉलेज और MBBS सीटों की संख्या बढ़ाना उपलब्धि है, लेकिन इसका लाभ केवल पात्र विद्यार्थियों को मिले, यह सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है।
ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से हो रही काउंसलिंग
NEET UG प्रवेश वर्ष 2026 की राज्य स्तरीय काउंसलिंग पिछले वर्षों की तरह निर्धारित प्रवेश नियमों के अनुसार ऑनलाइन माध्यम से कराई जा रही है। राज्य काउंसलिंग समिति के अनुसार पंजीयन, प्राथमिकता क्रम, सीट आवंटन, मूल दस्तावेजों की संवीक्षा और प्रवेश की प्रक्रिया नियमों के तहत पूरी की जाएगी।
डोमिसाइल और दस्तावेजों का होगा सत्यापन
छत्तीसगढ़ चिकित्सा, दंत चिकित्सा एवं भौतिक चिकित्सा (फिजियोथेरेपी) स्नातक प्रवेश नियम, 2025 के नियम 7 के तहत अभ्यर्थियों के मूल निवासी प्रमाण-पत्र, श्रेणी/संवर्ग से जुड़े प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी।सीट आवंटन के बाद अभ्यर्थी द्वारा मूल दस्तावेज प्रस्तुत करने और सत्यापन में पात्र पाए जाने के बाद ही प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण मानी जाएगी।
गलत जानकारी या फर्जी दस्तावेज मिले तो प्रवेश रद्द
प्रवेश नियमों के नियम 12 में प्रावधान है कि यदि किसी अभ्यर्थी ने गलत या झूठी जानकारी देकर अथवा महत्वपूर्ण तथ्य छिपाकर प्रवेश हासिल किया है, तो उसका प्रवेश नियमानुसार निरस्त किया जा सकता है।प्रवेश के बाद भी यदि दस्तावेजों या पात्रता में कोई गड़बड़ी सामने आती है, तो संबंधित मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अफवाहों पर ध्यान न दें, पोर्टल पर दर्ज करें शिकायत
राज्य काउंसलिंग समिति ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि NEET UG काउंसलिंग को लेकर किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक जानकारी पर भरोसा न करें। किसी समस्या या शिकायत की स्थिति में अधिकृत काउंसलिंग पोर्टल के Candidate Login में उपलब्ध “Candidates Grievances and Query Redressal System” के माध्यम से शिकायत दर्ज की जा सकती है।इसके अलावा काउंसलिंग शाखा के ई-मेल cgdme.counseling@gmail.com पर भी संपर्क किया जा सकता है।




