रतनपुर महामाया मंदिर गेट पर भाजपा से जुड़े दो पक्ष भिड़े, मारपीट-गालीगलौज के आरोप; वीडियो वायरल

Spread the love

बिलासपुर : रतनपुर के प्रसिद्ध महामाया मंदिर के गेट पर पुराने चोरी के विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े बताए जा रहे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए।

घटना के बाद दोनों पक्ष रतनपुर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

तुषार पटेल ने लगाया मारपीट का आरोप

तुषार पटेल ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि पूछताछ के दौरान उसे मौके पर बुलाया गया था। इसी दौरान उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में मारपीट के कारण चोट लगने और कपड़े फटने का भी उल्लेख किया गया है।

ये भी पढ़े :मुंबई में गणपति आगमन शोभायात्रा पर अंडे फेंकने का आरोप, मचा बवाल; दो पक्षों में झड़प, पुलिस ने संभाला मोर्चा

रेहाना बेगम ने भी लगाए गंभीर आरोप

दूसरी ओर रेहाना बेगम ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए मारपीट का आरोप लगाया है। उनका आरोप है कि मौके पर पहुंचने के बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके बाल पकड़कर उनके साथ मारपीट की।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

मंदिर गेट पर विवाद का वीडियो वायरल

महामाया मंदिर के गेट के पास सार्वजनिक रूप से हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद होता दिखाई दे रहा है।

फिलहाल रतनपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों को जांच में लिया है और वायरल वीडियो समेत अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *