पड़ोसी ने दो साथियों संग मिलकर उड़ाए 78 हजार, चोरी के पैसों से शराब पार्टी और कपड़ों की खरीदारी; 24 घंटे में तीनों गिरफ्तार

Spread the love

सरायपाली :सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पैकिन में घर से 78,300 रुपये नकद और मोबाइल फोन चोरी के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में पड़ोसी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की रकम में से 35,500 रुपये नकद, चोरी के पैसे से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े और उनकी रसीद बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम पैकिन निवासी मिनकेतन मिश्रा ने 20 अगस्त 2026 को थाना सिंघोड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 19 अगस्त को कृषि कार्य के लिए मजदूरों के साथ खेत गया था। इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर में रखे 78,300 रुपये नकद और करीब 2,000 रुपये कीमत का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। प्रार्थी ने अपने पड़ोसी लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर पर संदेह जताया था।

रिपोर्ट पर थाना सिंघोड़ा में अपराध क्रमांक 92/26 के तहत धारा 305(A), 331(3) बीएनएस कायम कर पुलिस ने जांच शुरू की। संदेही लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने दो अन्य साथियों जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया।

ये भी पढ़े :बच्चों को डूबता देख तालाब में कूदा युवक: दो की बचाई जान, 12 वर्षीय जिकरान की डूबने से मौत; MCB में दर्दनाक हादसा

ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 19 अगस्त को जब मिनकेतन मिश्रा खेत में गया था, तब तीनों ने मौका देखकर उसके घर में चोरी करने की योजना बनाई। योजना के तहत लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर घर के गेट से कूदकर अंदर दाखिल हुआ, जबकि जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा बाहर रहकर आने-जाने वाले लोगों पर नजर रखते रहे।

घर के जिस कमरे में नकदी और मोबाइल रखा था, उसका दरवाजा खुला हुआ था। आरोपी अंदर से नकदी और मोबाइल लेकर बाहर आया और तीनों वहां से निकल गए।

चोरी के बाद शराब भट्ठी और कपड़ा दुकान पहुंचे
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद तीनों मोटरसाइकिल से छुईपाली शराब भट्ठी पहुंचे, जहां शराब पी। इसके बाद वे विकास कपड़ा दुकान, सागरपाली गए। वहां लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर और जितेन्द्र यादव ने चोरी के पैसों से कपड़े खरीदे और रसीद भी ली।

इसके बाद तीनों ने चोरी की रकम से पार्टी की। बताया गया कि लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर ने चोरी की रकम में से जितेन्द्र यादव और दशरथ मुण्डा को 9-9 हजार रुपये हिस्सा दिया। वहीं मोबाइल फोन को आरोपी ने तालाब में फेंक देना बताया।

35,500 रुपये और कपड़े बरामद,पुलिस ने आरोपियों के मेमोरण्डम कथन के आधार पर 35,500 रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदे गए 3,475 रुपये कीमत के कपड़े और उनकी रसीद बरामद कर जब्त की है।बाकी रकम को आरोपियों द्वारा आपस में बांटकर खर्च करना बताया गया है।

अपराध स्वीकार करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को 21 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी
(1)लक्ष्यपाल उर्फ विजय झाकर, पिता कैलाश झाकर, उम्र 22 वर्ष।
(2)जितेन्द्र यादव, पिता कन्हैया लाल यादव, उम्र 26 वर्ष।
(3)दशरथ मुण्डा, पिता दाऊ मुण्डा, उम्र 45 वर्ष।

तीनों आरोपी ग्राम पैकिन, थाना सिंघोड़ा, जिला महासमुंद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा हो गया और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *