दिल्ली में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा: H1N1 से बचाव के लिए कैसी हो आपकी डाइट? डॉक्टरों ने बताए जरूरी उपाय

Spread the love

दिल्ली-NCR में स्वाइन फ्लू यानी H1N1 संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इस साल राजधानी दिल्ली में अब तक 2,000 से ज्यादा स्वाइन फ्लू के मामले सामने आ चुके हैं। पिछले साल के मुकाबले यह आंकड़ा काफी अधिक बताया जा रहा है। राहत की बात यह है कि अब तक दिल्ली में स्वाइन फ्लू से मौत की कोई खबर सामने नहीं आई है, लेकिन बढ़ते संक्रमण ने स्वास्थ्य विभाग और लोगों की चिंता जरूर बढ़ा दी है।

ऐसे समय में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को मजबूत रखना बेहद जरूरी हो जाता है। डॉक्टरों के मुताबिक कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में खानपान के साथ-साथ कुछ जरूरी सावधानियां भी अपनानी चाहिए।

कमजोर इम्यूनिटी को नुकसान पहुंचाती हैं ये चीजें

मणिपाल अस्पताल की इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. स्वाति माहेश्वरी के मुताबिक खराब खानपान इम्यून सिस्टम को प्रभावित कर सकता है। खासतौर पर जंक फूड, प्रोसेस्ड फूड और ज्यादा शुगर वाले खाद्य पदार्थों का लगातार सेवन शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता के लिए नुकसानदायक हो सकता है।इसलिए संक्रमण के दौर में हेल्दी और संतुलित डाइट को प्राथमिकता देना बेहतर है।

ये भी पढ़े :‘रियल लाइफ हीरो’ बने यश! कियारा की तरफ आई धातु की वस्तु, एक्शन से टाला हादसा

इम्यूनिटी मजबूत करने के लिए डाइट में शामिल करें ये चीजें

डॉक्टरों के अनुसार डाइट में विटामिन-C और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर फल शामिल किए जा सकते हैं। संतरा, नींबू, मौसमी, कीवी, पपीता और बेरीज जैसे फल शरीर को जरूरी पोषक तत्व देने में मदद करते हैं।

इसके साथ ही शरीर को हाइड्रेटेड रखना भी जरूरी है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से डिहाइड्रेशन से बचने में मदद मिलती है। बीमारी या संक्रमण की स्थिति में शरीर की जरूरत के अनुसार पर्याप्त तरल पदार्थ लेना खास तौर पर महत्वपूर्ण है।

स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए इन बातों का रखें ध्यान

सिर्फ डाइट पर ध्यान देना ही काफी नहीं है। H1N1 संक्रमण से बचने के लिए डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक कुछ जरूरी सावधानियां भी अपनानी चाहिए।

– धूम्रपान और शराब से दूरी बनाएं।
– भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचें।
– सार्वजनिक स्थानों और पब्लिक ट्रांसपोर्ट में मास्क का इस्तेमाल करें।
– बाहर से घर आने के बाद हाथों को अच्छी तरह साबुन से धोएं।
– पर्याप्त नींद लें और शरीर को पर्याप्त आराम दें।
– पौष्टिक और संतुलित भोजन को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
– फ्लू जैसे लक्षण दिखने पर लापरवाही न करें और डॉक्टर से सलाह लें।

जरूरी बात

स्वाइन फ्लू के लक्षण या संक्रमण की आशंका होने पर केवल डाइट के भरोसे न रहें। तेज बुखार, लगातार खांसी, सांस लेने में परेशानी, अत्यधिक कमजोरी या हालत बिगड़ने जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सकीय सलाह लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *