छत्तीसगढ़ में ED का बड़ा एक्शन! दुर्ग-धमतरी के बाद बलरामपुर में दबिश, अपर कलेक्टर से पूछताछ

Spread the love

बलरामपुर :  छत्तीसगढ़ में प्रवर्तन निदेशालय (ED) की कार्रवाई को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दुर्ग और धमतरी के बाद अब ED की टीम ने बलरामपुर में दबिश दी है। जांच एजेंसी की टीम दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची और सीधे सर्किट हाउस गई, जहां अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया से पूछताछ की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, ED की टीम सुबह दो वाहनों से बलरामपुर पहुंची। टीम के सर्किट हाउस पहुंचने के बाद वहां सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। इसके बाद अपर कलेक्टर चेतन बोरघारिया को बुलाकर उनसे पूछताछ शुरू की गई। फिलहाल पूछताछ का सिलसिला जारी है।

चेतन बोरघारिया का पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से भी जुड़ाव रहा है। वे तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के ओएसडी के तौर पर काम कर चुके हैं। वर्तमान में वे बलरामपुर में अपर कलेक्टर के पद पर पदस्थ हैं। ऐसे में ED की टीम द्वारा उनसे पूछताछ किए जाने के बाद प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

कार्रवाई किस मामले में, स्थिति स्पष्ट नहीं

फिलहाल ED की इस कार्रवाई का संबंध किस मामले से है, इसे लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी सामने नहीं आई है। जांच एजेंसी की ओर से भी पूछताछ के कारण या जांच के दायरे को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

सर्किट हाउस के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। ED की टीम अपनी कार्रवाई कर रही है और पूछताछ के दौरान क्या जानकारी सामने आती है, इसका फिलहाल इंतजार किया जा रहा है।

ये भी पढ़े :सहसपुर को मिली बड़ी सौगात! 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का लोकार्पण, किसानों और ग्रामीणों को मिलेगा बड़ा फायदा

दुर्ग में भी ED की कार्रवाई

बलरामपुर में ED की कार्रवाई से पहले दुर्ग में भी जांच एजेंसी ने दबिश दी थी। पुरानी भिलाई स्थित पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पीए के.के. चंद्रवंशी के घर ED की टीम पहुंची थी। करीब आठ अधिकारियों की टीम दो वाहनों से वहां पहुंची और घर के अंदर दस्तावेजों की जांच की गई। सुरक्षा के लिए जवान भी तैनात किए गए थे। कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

इसके अलावा सिकोल भांटा में रिटायर्ड पटवारी कमलेश राजूपत के निवास पर भी ED की टीम पहुंची थी। यहां दुर्ग के बड़े बिल्डर्स से लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच किए जाने की जानकारी सामने आई है। कमलेश राजूपत वर्तमान में पटवारी संघ के अध्यक्ष हैं, जबकि उनकी बेटी पटवारी के पद पर कार्यरत हैं।

धमतरी में भी सुबह से जांच

इधर, धमतरी में भी ED की टीम ने कार्रवाई की। जांच एजेंसी की टीम चेतन बोरघारिया के घर पर जांच कर रही है। करीब छह सदस्यीय टीम दो वाहनों से वहां पहुंची थी और दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की पड़ताल किए जाने की जानकारी है। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा बल भी तैनात रहे।

फिलहाल बलरामपुर, दुर्ग और धमतरी में हुई इन कार्रवाइयों को लेकर ED की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने और एजेंसी की ओर से जानकारी जारी किए जाने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि इन कार्रवाइयों का दायरा क्या है और जांच में क्या तथ्य सामने आए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *