NTPC कोरबा में बड़ा पावर ब्रेकडाउन! एक साथ बंद हुईं 7 इकाइयां, 2600 MW बिजली उत्पादन प्रभावित

Spread the love

कोरबा :  छत्तीसगढ़ के प्रमुख बिजली संयंत्रों में शामिल NTPC कोरबा पावर प्लांट की सभी सातों इकाइयां फिलहाल बंद हैं। इलेक्ट्रिकल खराबी के चलते एक साथ सातों यूनिट के ट्रिप होने से बिजली उत्पादन प्रभावित हुआ है। शनिवार सुबह तक सभी इकाइयों को दोबारा चालू नहीं किया जा सका था।

जानकारी के मुताबिक, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन द्वारा ब्रेकर की जांच की जा रही थी। इसी दौरान आई इलेक्ट्रिकल खराबी के कारण प्लांट की सभी सातों इकाइयां एक साथ ट्रिप हो गईं। इसके बाद संयंत्र में बिजली उत्पादन पूरी तरह प्रभावित हो गया।

एक-एक कर शुरू की जाएंगी यूनिट

इकाइयों को दोबारा चालू करने के लिए सुधार और बहाली का काम जारी है। सभी यूनिट को एक साथ शुरू करने के बजाय एक-एक कर दोबारा चालू किए जाने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। पहले उम्मीद जताई गई थी कि देर रात तक बहाली का काम पूरा हो सकता है, हालांकि शनिवार सुबह तक सभी इकाइयां शुरू नहीं हो पाई थीं।

सातों इकाइयों के बंद होने से छत्तीसगढ़ के अलावा दूसरे प्रदेशों को होने वाली बिजली आपूर्ति पर भी असर पड़ने की बात सामने आई है। हालांकि बिजली आपूर्ति को सामान्य करने के लिए संबंधित स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

ये भी पढ़े :High BP को कंट्रोल रखने में मदद कर सकता है केला! जानिए कब और कैसे खाना ज्यादा फायदेमंद

2600 मेगावाट है प्लांट की क्षमता

बता दें कि NTPC कोरबा की स्थापित क्षमता करीब 2,600 मेगावाट है। संयंत्र में 500 मेगावाट क्षमता की चार इकाइयां और 200 मेगावाट क्षमता की तीन इकाइयां शामिल हैं।

मामले को लेकर NTPC कोरबा की जनसंपर्क अधिकारी उषा घोष से शनिवार सुबह संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि बंद इकाइयों को सुधारने का काम जारी है और इस संबंध में शाम तक अपडेट दिया जाएगा।

फिलहाल सभी की नजरें इस बात पर हैं कि NTPC कोरबा की सातों इकाइयां पूरी क्षमता के साथ कब तक दोबारा बिजली उत्पादन शुरू करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *