SP त्रिलोक बंसल का औचक निरीक्षण, बेमेतरा कोतवाली और देवरबीजा चौकी में व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Spread the love

बेमेतरा टेकेश्वर दुबे :  पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (IPS) ने मंगलवार को थाना सिटी कोतवाली बेमेतरा और चौकी देवरबीजा का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना-चौकी की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और पुलिसिंग की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारी-कर्मचारियों को कानून व्यवस्था मजबूत रखने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसपी ने पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते हुए मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने, अपराधों की रोकथाम के साथ घटनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने थाना एवं चौकी परिसर की नियमित साफ-सफाई और सभी अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए।

रजिस्टर से लेकर मालखाने तक का निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान एसपी ने बलवा ड्रिल सामग्री के साथ जप्ती माल, मालखाना, जप्ती रजिस्टर, जरायम रजिस्टर, शिकायत रजिस्टर, ड्यूटी रजिस्टर, मूर्तजरर रजिस्टर, हिस्ट्रीशीट, ग्राम अपराध पुस्तिका और फिंगरप्रिंट रजिस्टर समेत अन्य दस्तावेजों और रजिस्टरों की जांच की।

उन्होंने लंबित खात्मा डायरी को अभियान चलाकर न्यायालय से स्वीकृत कराने तथा दीगर जरायम रजिस्टर का परीक्षण करने के निर्देश दिए। ऐसे मामलों में जहां विवाद या अपराध की पुनरावृत्ति की आशंका हो, संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ बाउंड ओवर की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

लंबित मामलों के जल्द निराकरण पर जोर

एसपी ने जब्ती माल का शीघ्र निराकरण करने और एमएलसी रजिस्टर में प्राप्त सभी मेडिकल लीगल केस का समयबद्ध एवं पूर्ण इंद्राज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण, लंबित मामलों का समय पर निराकरण और प्रभावी कानून व्यवस्था ही बेहतर पुलिसिंग की पहचान है।

ये भी पढ़े :पत्रकार के घर के सामने खड़ी कार में आधी रात आगजनी, धू-धूकर जली गाड़ी

MedLEaPR और e-चालान प्रक्रिया की ली जानकारी

एसपी ने सीसीटीएनएस के तहत MedLEaPR (Medico-Legal Examination and Postmortem Reporting System) के माध्यम से MLC और पोस्टमार्टम रिपोर्ट की ऑनलाइन प्रक्रिया को प्रभावी एवं समयबद्ध बनाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा उन्होंने e-FIR और e-चालान प्रक्रिया का भी जायजा लिया। थाना स्तर से e-चालान तैयार करने, उसे न्यायालय तक भेजने और न्यायालय से प्राप्त e-चालान रिक्वेस्ट को सिस्टम में प्रोसेस करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया।

इस दौरान एसपी ने संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों से e-चालान की पूरी प्रक्रिया की जानकारी ली और इसे अधिक सुगम एवं प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिला शिकायतकर्ताओं से संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

एसपी ने वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त पत्रों का समय पर निराकरण करने और प्राप्त निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ई-साक्ष्य के उपयोग, निर्धारित एवं साफ-सुथरी वर्दी में ड्यूटी करने और थाना-चौकी में आने वाली महिला आगंतुकों एवं शिकायतकर्ताओं के साथ संयमित व्यवहार करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उचित कार्रवाई की जाए। साथ ही विवेचकों को संशोधित नए कानूनों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के खिलाफ सख्ती

एसपी ने अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने अवैध शराब, जुआ, सट्टा, गांजा, नशीली दवाओं और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।

लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान और शिकायतों का अभियान चलाकर जल्द निराकरण करने के साथ गुम बालक-बालिकाओं की तलाश एवं बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

लंबित वारंटों की तामील, असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक एवं बाउंड ओवर कार्रवाई तथा निगरानी बदमाशों, गुंडों और शराब के नशे में हंगामा या मारपीट करने वालों पर सख्ती करने को भी कहा गया।

रात्रि गश्त और कॉम्बिंग पेट्रोलिंग होगी मजबूत

चोरी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए एसपी ने रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और कॉम्बिंग गश्त को मजबूत करने के निर्देश दिए।

उन्होंने गश्त के दौरान होटल, लॉज, ढाबा, एटीएम, बैंक, बस स्टैंड, प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील स्थानों की नियमित जांच करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने को कहा। शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी रात्रि गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

‘साइबर जागृति अभियान’ के जरिए जागरूकता

सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के लिए ‘साइबर जागृति अभियान’ के माध्यम से हाट-बाजारों, गांवों, स्कूलों और कॉलेजों में साइबर अपराधों से बचाव को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, चौकी प्रभारी देवरबीजा सहायक उप निरीक्षक दीनानाथ सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक जितेन्द्र कश्यप, भलेतिनुस पन्ना, प्रधान आरक्षक विजेन्द्र सिंह, नंदलाल चतुर्वेदी, आरक्षक देवेन्द्र साहू, खोमलाल निषाद, पुना सिंह, यशवंत यादव, मालिक राम सिन्हा सहित थाना एवं चौकी के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *