बारिश में मंत्री के बंगले का घेराव, बदहाल सड़कों पर फूटा गुस्सा; राजेश अग्रवाल बोले- मैं खुद शर्मिंदा हूं

Spread the love

अंबिकापुर : शहर की बदहाल सड़कों को लेकर गुरुवार को स्थानीय समाजसेवी संगठन के लोगों का गुस्सा सड़क पर उतर आया। बारिश के बीच प्रदर्शनकारियों ने कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक राजेश अग्रवाल के सरकारी बंगले का घेराव किया। इस दौरान जमकर नारेबाजी करते हुए लोगों ने शहर की सड़कों की तत्काल मरम्मत और निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की।

बदहाल सड़कों को लेकर प्रदर्शन

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अंबिकापुर शहर की कई प्रमुख सड़कें लंबे समय से खराब स्थिति में हैं। बारिश के दौरान इन सड़कों पर लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारी तत्काल सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग पर अड़े रहे।

जिस समय प्रदर्शनकारी मंत्री के सरकारी बंगले का घेराव कर रहे थे, उस वक्त राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में मौजूद नहीं थे। वे सूरजपुर में थे। बंगले के घेराव की जानकारी मिलने के बाद मंत्री कुछ देर में अंबिकापुर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।

ये भी पढ़े :9 साल से लापता बेटी की तलाश में भटक रही मां बनीं परिणीति चोपड़ा, ‘शक: ट्रस्ट नो वन’ का ट्रेलर जारी

बारिश थमते ही शुरू होगा सड़क का काम

प्रदर्शनकारियों से चर्चा के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल बारिश थमने का इंतजार किया जा रहा है। मौसम साफ होते ही सड़कों पर काम शुरू कराया जाएगा।

शहर की सड़कों की खराब स्थिति को लेकर मंत्री ने कहा कि वह खुद इससे शर्मिंदा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अब शहर की सड़कों की दशा और दिशा बदलने वाली है।

मंत्री के आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।

प्रदर्शनकारियों को कराया चाय-नाश्ता

बंगले के घेराव के बाद मंत्री ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत के साथ उनका स्वागत भी किया। उन्होंने प्रदर्शन में पहुंचे लोगों को चाय-पानी के साथ लड्डू और आलू चाप खिलाया तथा प्रदर्शन के लिए पहुंचे लोगों का धन्यवाद किया।

फिलहाल मंत्री के आश्वासन के बाद आंदोलन समाप्त हो गया है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि बारिश थमने के बाद अंबिकापुर शहर की बदहाल सड़कों के निर्माण और मरम्मत का काम कितनी तेजी से शुरू होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *