छुरा में विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनाई गई

Spread the love

 

पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, वक्ताओं ने हिंदू एकता, संस्कार और सामाजिक समरसता पर रखे विचार

परमेश्वर राजपूत छुरा / गरियाबंद :- विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल प्रखंड छुरा के तत्वावधान में मानस मंदिर प्रांगण में विश्व हिंदू परिषद स्थापना दिवस एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्रीकृष्ण, भगवान श्रीरामचंद्र जी एवं भारत माता की छायाचित्र पर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर, जिला संगठन मंत्री वेदराम नंदे, पूर्व जिलाध्यक्ष परस देवांगन, मातृशक्ति से दीपाली सारस्वत, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वक्ता मनीष शारडा, नगर पुरोहित यज्ञेश प्रसाद पाण्डेय एवं प्रखंड अध्यक्ष भोला प्रसाद पाण्डेय सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।

29 अगस्त 1964 को हुई थी विश्व हिंदू परिषद की स्थापना

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद की स्थापना 29 अगस्त 1964 को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के दिन मुंबई में हुई थी। परिषद का उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित एवं सशक्त करना, भारतीय संस्कृति और सनातन मूल्यों की रक्षा करना, समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य करना तथा सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना है।

हिंदू एकता, शिक्षा और संस्कार पर दिया जोर

जिलाध्यक्ष प्रकाश निर्मलकर ने अपने संबोधन में हिंदू एकता के साथ शिक्षा और संस्कारों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने समाज को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का संदेश दिया।

मातृशक्ति से दीपाली सारस्वत ने नारी सम्मान, कर्तव्य और नई पीढ़ी में संस्कार निर्माण पर अपने विचार रखे। उन्होंने बच्चों के पालन-पोषण में संस्कारों की महत्वपूर्ण भूमिका बताते हुए उन्हें महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा देने की बात कही।

जिला संगठन मंत्री वेदराम नंदे ने सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने तथा समाज को सत्संग से जोड़ने का संदेश दिया। वहीं मनीष शारडा ने हिंदू एकता के साथ लव जिहाद और धर्मांतरण जैसे विषयों को लेकर समाज में जागरूकता की आवश्यकता पर विचार रखे।

मानस मंडलियों को किया गया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान विश्व हिंदू परिषद द्वारा नगर की सभी मानस मंडलियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित एवं प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर नगर के वरिष्ठ नागरिक के. आर. सिन्हा, नारायण पटेल, एल्डरमैन धर्मेंद्र चंद्राकर, पोखराज साहू, चोखे लाल साहू , पोखराज राजपूत, शीतल ध्रुव, पुनीत ठाकुर, सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

अर्पण डांस ग्रुप ने दी प्रस्तुति

कार्यक्रम में अर्पण डांस ग्रुप द्वारा पारंपरिक वेशभूषा एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई गई। ग्रुप द्वारा गणेश वंदना की प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विश्व हिंदू परिषद के प्रखंड सह मंत्री लोकेश वैष्णव, बजरंग दल प्रखंड संयोजक मनोज पटेल, प्रचार प्रमुख भूपेंद्र सिन्हा, एबीवीपी से भिषेक पाण्डेय एवं एकलव्य शर्मा सहित कार्यकर्ताओं ने सहयोग प्रदान किया।

कार्यक्रम का मंच संचालन अर्जुन धनंजय सिन्हा ने किया। कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रखंड अध्यक्ष भोला प्रसाद पाण्डेय ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं नगरवासियों का आभार व्यक्त किया।

भक्तिमय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुए कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने हिंदू एकता, सनातन संस्कृति, संस्कार और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *