बेमेतरा टेकेश्वर दुबे : सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बेमेतरा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। मेन रोड पर तेज और खतरनाक तरीके से कार चलाने के साथ वाहन के दरवाजों से बाहर निकलकर छत पर सवार होकर स्टंट करने के मामले में पुलिस ने चालक समेत चार आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल करीब 10 लाख रुपये कीमत की कार भी जब्त कर ली है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव, कौशिल्या साहू और एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का एवं एसडीओपी बेरला रूचि वर्मा के मार्गदर्शन में की गई।
मेन रोड पर जान जोखिम में डालकर कर रहे थे स्टंट
पुलिस के मुताबिक, 8 सितंबर 2026 की रात करीब 10 बजे एक व्यक्ति ने थाना बेमेतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि वह मेन रोड किनारे स्थित एक होटल में बैठा था। इसी दौरान बेमेतरा की ओर से सिमगा की तरफ जा रही कार CG 04 RA 4915 का चालक वाहन को लापरवाही और खतरनाक तरीके से चला रहा था।
कार में सवार दो युवक वाहन के दोनों दरवाजों से बाहर निकलकर कार की छत पर चढ़े हुए थे। इस तरह वाहन चलाने से सड़क पर मौजूद दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों की जान को गंभीर खतरा पैदा हो रहा था। बताया गया कि इस दौरान राहगीर और अन्य वाहन चालक बाल-बाल बचे।
शिकायत के आधार पर थाना बेमेतरा में बीएनएस की धारा 281, 125 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184, 123(1), 123(2) के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई।
ये भी पढ़े :आज जल्दी, कल देर से सोते हैं? आपकी ये आदत दिल की सेहत पर पड़ सकती है भारी
पूछताछ में चालक ने स्वीकार की संलिप्तता
विवेचना के दौरान पुलिस ने कार चालक कामेन्द्र घृतलहरे को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसकी घटना में संलिप्तता सामने आई। आरोपी ने पुलिस को बताया कि घटना के समय कार में उसके साथ तीन अन्य साथी भी मौजूद थे।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल कार क्रमांक CG 04 RA 4915, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है, को जब्त कर लिया है।
चार आरोपियों पर वैधानिक कार्रवाई
मामले में पुलिस ने निम्न आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है—
कामेन्द्र घृतलहरे, उम्र 26 वर्ष, निवासी मांढर (बी), थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार
अमन बंजारे, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड नंबर 10, नयापारा सिमगा
मोहित कुमार घृतलहरे, उम्र 22 वर्ष, निवासी मांढर (बी), थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार
तरूण कुमार घृतलहरे, उम्र 19 वर्ष, निवासी मांढर (बी), थाना सिमगा, जिला बलौदाबाजार
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की है।
बेमेतरा पुलिस की अपील—सड़क पर स्टंट से बचें
बेमेतरा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि चलती कार की छत, दरवाजे या वाहन के किसी भी बाहरी हिस्से पर बैठना या सवार होना बेहद खतरनाक है। इस तरह का स्टंट न केवल खुद की जान जोखिम में डालता है, बल्कि सड़क पर चल रहे दूसरे वाहन चालकों और राहगीरों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा करता है।
पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात नियमों का पालन करने और किसी भी तरह की लापरवाही अथवा खतरनाक ड्राइविंग से बचने की अपील की है।
पुलिस का संदेश है—“सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही, जिंदगी भर का नुकसान कर सकती है। सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें।”
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली बेमेतरा निरीक्षक सोनल ग्वाला, प्रशिक्षु उप निरीक्षक वियजेन्द्र कश्यप, प्रधान आरक्षक रघुराज यदु, आरक्षक इंद्रजीत पांडेय, सौरभ सिंह, शिव कुमार सेन और महेश जांगड़े सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




