कोरबा में बारिश के बीच बिजली के तारों में भड़की चिंगारी, पटाखों जैसे धमाकों से मची अफरा-तफरी

Spread the love

रामपुर हाउसिंग बोर्ड इलाके में ट्रांसफार्मर से निकली LT लाइन में हुआ शॉर्ट सर्किट, बिजली गुल होने से बारिश के बीच बढ़ी कॉलोनीवासियों की परेशानी

 

कोरबा : बारिश के बीच रामपुर हाउसिंग बोर्ड इलाके में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रांसफार्मर से निकलने वाली LT लाइन में अचानक जोरदार शॉर्ट सर्किट हो गया। बिजली के तारों से करीब 20 से 25 मिनट तक लगातार चिंगारियां निकलती रहीं और पटाखों जैसी तेज आवाज के साथ धमाके होते रहे।

घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई। लोगों ने एहतियात के तौर पर अपने-अपने घरों के मेन स्विच बंद कर दिए। इस दौरान पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

तारों से लगातार निकलती रहीं चिंगारियां

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बारिश के दौरान अचानक LT लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद तारों से लगातार तेज चिंगारियां निकलने लगीं। करीब 20 से 25 मिनट तक रुक-रुककर धमाके जैसी आवाजें सुनाई देती रहीं।

बिजली के तारों में उठती चिंगारियों को देखकर आसपास रहने वाले लोग घबरा गए और सुरक्षा के लिहाज से घरों की बिजली बंद कर दी।

ये भी पढ़े :IPS के बेटे से मारपीट मामले में बड़ा एक्शन, दो आरोपी गिरफ्तार; अंबिकापुर में निकाला जुलूस

बिजली गुल होने से बढ़ी लोगों की परेशानी

घटना के बाद पूरी कॉलोनी की बिजली गुल हो गई। स्थानीय लोगों का दावा है कि बिजली में आई गड़बड़ी के कारण कई घरों के बिजली उपकरण खराब हो गए हैं।

बारिश के बीच लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई। वहीं अंधेरा होने के बाद कॉलोनीवासियों को सांप और बिच्छू जैसे जहरीले जीवों के घरों के आसपास आने का डर भी सताने लगा।

VIDEO सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान तारों से निकलती चिंगारियों और हो रहे धमाकों का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वीडियो में बिजली के तारों से लगातार तेज रोशनी के साथ चिंगारियां निकलती दिखाई दे रही हैं। घटना ने एक बार फिर बारिश के दौरान बिजली लाइनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *