भिलाई के स्पा सेंटर में पुलिस की रेड; फिर मालिक और युवतियों से भरवाया बाउंड ओवर

Spread the love

दुर्ग/भिलाई : भिलाई के सूर्या मॉल स्थित सेंशेसन स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियां संचालित होने की शिकायत पर पुलिस ने दबिश देकर जांच की। पुलिस की कार्रवाई के दौरान सेंटर में युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले, जिन्हें बाहर निकाला गया। हालांकि जांच के दौरान किसी भी तरह की अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्पा सेंटर के संचालक और वहां मिली युवतियों को बाउंड ओवर (मुचलका पाबंद) की कार्रवाई के दायरे में लिया। पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य भविष्य में किसी भी तरह की अवैध या अनैतिक गतिविधि होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

लाइट-पानी बंद होने के बावजूद अंदर मिले लोग

बताया गया कि जिस स्थान पर स्पा सेंटर संचालित है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है। मॉल प्रबंधन के अनुसार वहां बिजली और पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। इसके बावजूद पुलिस की जांच के दौरान सेंटर के भीतर युवतियां और अन्य लोग मौजूद पाए गए। पुलिस ने सभी को बाहर निकालकर मामले की जांच की।

रेड के दौरान मिली युवतियों की भूमिका और संभावित संलिप्तता को लेकर भी पुलिस ने पूछताछ की। जांच के बाद युवतियों और स्पा संचालक को बाउंड ओवर किया गया, ताकि भविष्य में यदि इस तरह की किसी गतिविधि में उनकी संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जा सके।

ये भी पढ़े :SSB कैंप में जवान ने सर्विस रायफल से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

स्पा सेंटरों पर पुलिस की लगातार नजर

भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने स्पष्ट किया कि शहर में स्पा सेंटरों की आड़ में किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे सभी स्थानों पर पुलिस की ओर से लगातार चेकिंग और निगरानी की जा रही है। यदि जांच के दौरान किसी सेंटर में अनैतिक या अवैध गतिविधि सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल सेंशेसन स्पा सेंटर में किसी अनैतिक कार्य की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन पुलिस ने एहतियाती तौर पर संचालक और वहां मौजूद युवतियों को बाउंड ओवर किया है।

ये पुलिस अधिकारी रहे मौजूद

ASP सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर हुई कार्रवाई में भिलाई नगर CSP निशांत पाठक, डीएसपी (IUCAW) भारती मरकाम की टीम शामिल रही। इसके अलावा सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी भी पुलिस टीम के साथ मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *