ग्रामीणों के बीच पहुंचे विधायक जनक ध्रुव, समस्याओं के निराकरण के लिए अधिकारियों से की फोन पर चर्चा

Spread the love

अमेठी, रुवाड़ और दादरगांव नया में हुआ आत्मीय स्वागत; विश्वकर्मा जयंती समारोह में शामिल होकर सांस्कृतिक कार्यक्रम का किया शुभारंभ

 

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद/छुरा : बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक जनक ध्रुव ने गुरुवार को अपने क्षेत्रीय दौरे के दौरान विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात की और उनकी समस्याओं एवं स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए।क्षेत्रीय दौरे की शुरुआत ग्राम अमेठी से हुई, जहां विधायक जनक ध्रुव विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों एवं स्थानीय लोगों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याओं और क्षेत्र की आवश्यकताओं के संबंध में जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने सभी को विश्वकर्मा जयंती की शुभकामनाएं भी दीं।इसके बाद विधायक ग्राम रुवाड़ पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से भेंट-मुलाकात कर सड़क, बिजली, पानी सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं पर विधायक ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर चर्चा की तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि जनहित से जुड़े मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभागों से समन्वय कर आवश्यक पहल की जाएगी।

ये भी पढ़े :पूजा के दौरान सिर क्यों ढकते हैं? जानिए धार्मिक और आध्यात्मिक मान्यताओं के पीछे की वजह

दौरे के दौरान विधायक जनक ध्रुव ने गांव के दो शोकाकुल परिवारों के घर पहुंचकर शोक कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने दिवंगतजनों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।इसके पश्चात विधायक दादरगांव नया पहुंचे, जहां ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया गया। यहां आयोजित विश्वकर्मा जयंती समारोह में उन्होंने सहभागिता की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा के पूजन-अर्चन एवं जयंती के अवसर पर उपस्थित लोगों को शुभकामनाएं देते हुए समाज के विकास और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया।क्षेत्रीय दौरे के दौरान विधायक ने कांग्रेस के क्षेत्रीय पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की। इस दौरान क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, स्थानीय आवश्यकताओं तथा आगामी कार्यों को लेकर चर्चा की गई और कई कार्यों की रूपरेखा तैयार की गई।

विधायक जनक ध्रुव ने ग्रामीणों से कहा कि जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र की जनता से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को जानना और उनके निराकरण के लिए संबंधित विभागों से समन्वय करना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा रखी गई विभिन्न समस्याओं के जल्द निराकरण का आश्वासन भी दिया। साथ ही निर्माण कार्यों की घोषणाएं भी की।इस दौरान विधायक के साथ कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायक के लगातार क्षेत्रीय भ्रमण और ग्रामीणों से सीधे संवाद को लेकर स्थानीय लोगों ने भी अपनी समस्याएं खुलकर उनके समक्ष रखीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *