वनांचल क्षेत्र रानीदाहरा में खेल के मैदान से साइबर सुरक्षा का संदेश

Spread the love

कवर्धा टेकेश्वर दुबे : कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से पुलिस-जन संवाद को सशक्त बनाने तथा ग्रामीण युवाओं को खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से थाना सिंघनपुरी अंतर्गत ग्राम रानीदाहरा में कबड्डी प्रतियोगिता एवं साइबर जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ‘नमस्ते साइबर’ के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं खिलाड़ी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव (IPS) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में, उप पुलिस अधीक्षक प्रशांत देवांगन के दिशा निर्देश तथा थाना प्रभारी सिंघनपुरी राजेश चांट के नेतृत्व में किया गया।

चार जिलों की लगभग 50 टीमों ने दिखाया खेल कौशल

ग्राम रानीदाहरा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में जिला कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, बेमेतरा सहित आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों की लगभग 50 टीमों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन एवं खेल भावना का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबलों में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। प्रतियोगिता के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया।

कबड्डी के साथ साइबर सुरक्षा का पाठ

खेल प्रतियोगिता के साथ आयोजित साइबर जागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों एवं खिलाड़ियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, OTP फ्रॉड, बैंकिंग धोखाधड़ी, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया से संबंधित अपराध एवं डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के संबंध में जागरूक किया गया।

ग्रामीणों को विशेष रूप से समझाइश दी गई कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते से संबंधित गोपनीय विवरण एवं पासवर्ड साझा न करें तथा अनजान अथवा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई।

ये भी पढ़े :छत्तीसगढ़ के बजट में 4 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं को मिलेगा विस्तार

सामुदायिक पुलिसिंग से ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहा पुलिस-जन संवाद

कबीरधाम पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आमजन के बीच संवाद एवं सहभागिता को निरंतर बढ़ावा दिया जा रहा है। खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ-साथ साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना इस पहल का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

कार्यक्रम में पुलिस अनुविभागीय अधिकारी प्रशांत देवांगन, अध्यक्ष समर सिंह, ग्राम पटेल, खेदू राम साहू, ग्राम पटेल, ग्राम खेल समिति के अध्यक्ष गोविंद साहू सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधिगण, ग्राम खेल समिति रानीदाहरा के सदस्य, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ग्राम रानीदाहरा के ग्रामवासियों, ग्राम खेल समिति एवं कबीरधाम पुलिस की महत्वपूर्ण सहभागिता एवं सहयोग रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *