शिक्षण के साथ युवाओं में अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक चेतना जगाने में उल्लेखनीय योगदान
परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : शिक्षा, साहित्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले राजिम के शिक्षक एवं एनसीसी अधिकारी सागर कुमार शर्मा को राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया। छत्तीसगढ़ प्रांतीय अखंड ब्राह्मण समाज के तत्वावधान में राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में उन्हें शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विभिन्न सेवाकार्यों के लिए सम्मानित किया गया।पंडित रामबिशाल पांडेय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय में व्याख्याता एवं एनसीसी अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे सागर शर्मा ने अध्यापन के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई है। एनसीसी के माध्यम से वे विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।
ये भी पढ़े :CG School Holiday 2026: दशहरा-दीपावली से विंटर वेकेशन तक छुट्टियों का पूरा शेड्यूल जारी
सागर शर्मा द्वारा जरूरतमंद एवं ग्रामीण युवाओं के लिए निःशुल्क सैन्य भर्ती प्रशिक्षण एवं आत्मरक्षा प्रशिक्षण संचालित किए जाने के साथ ही नशामुक्ति और प्लास्टिक मुक्त भारत जैसे सामाजिक अभियानों में भी सक्रिय सहभागिता की गई है। शिक्षा के साथ समाजसेवा के इन प्रयासों ने उन्हें क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत के रूप में पहचान दिलाई है। साहित्य के क्षेत्र में उनकी रुचि एवं रचनात्मक योगदान को भी समारोह में विशेष रूप से सराहा गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री परशुराम एवं मां शारदे की प्रतिमाओं के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पूजन-अर्चन के साथ हुआ। विशेष व्याख्यान सत्र में वर्तमान परिवेश में शिक्षक-विद्यार्थी संबंध, विद्यार्थियों के समग्र विकास, आपसी विश्वासपूर्ण वातावरण के निर्माण तथा भारतीय ज्ञान परंपरा एवं गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर विचार-विमर्श किया गया।
समारोह में धरसीवां विधायक एवं पद्मश्री अनुज शर्मा, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष वर्णिका शर्मा, शंकराचार्य कॉलेज रायपुर के चेयरमैन निशांत त्रिपाठी, हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व चेयरमैन कैलाश धर दीवान तथा छत्तीसगढ़ राज्य योग आयोग के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानेश शर्मा विशिष्ट रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश सचिव संजय शुक्ला ने की।सम्मान समारोह के पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं। अंत में आभार प्रदर्शन के साथ सुरुचि भोज एवं मिलन समारोह आयोजित किया गया।सागर कुमार शर्मा को मिली इस उपलब्धि पर शिक्षा प्रकोष्ठ मुख्य शाखा के अध्यक्ष प्रकाश धर दीवान, छत्तीसगढ़ प्रांतीय अखंड ब्राह्मण समाज की प्रदेश अध्यक्ष भारती किरण शर्मा सहित समाज के पदाधिकारियों ने उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




