दुर्ग: भिलाई में खड़ी गाड़ी से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी करने के मामले में पुलिस ने महज तीन दिन में कार्रवाई करते हुए 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए सिलेंडरों में से कुछ को 2-2 हजार रुपये में बेच दिया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने चोरी के सिलेंडर के साथ वारदात में इस्तेमाल वाहन भी बरामद किया है।
खड़ी गाड़ी से गायब हुए थे 36 सिलेंडर
मामला भिलाई के साक्षरता चौक कैंप-01 के पास सर्विस रोड का है। 18 सितंबर को यहां खड़ी महिंद्रा मैक्सेमो प्लस गाड़ी से 36 भरे इंडेन सिलेंडर चोरी हो गए थे।
घटना के बाद 19 सितंबर को घनश्याम कुर्रे ने थाना छावनी में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में सामने आई सिलेंडर बेचने की बात
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने प्रमोद देवांगन को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में प्रमोद ने वारदात में शामिल होने की बात बताई।
पुलिस के मुताबिक, चोरी किए गए 36 सिलेंडरों में से 16 सिलेंडर जामुल स्थित जय अंबे शोरूम के पीछे छोड़ दिए गए थे। वहीं, बाकी 20 सिलेंडर 2,000 रुपये प्रति सिलेंडर के हिसाब से बेच दिए गए।
ये भी पढ़े :आगे पायलट कार, पीछे गांजे की खेप… पुलिस ने ऐसे पकड़ी 58 लाख की तस्करी
पुलिस ने बरामद किए सिलेंडर और वाहन
जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान 20 सिलेंडर बरामद किए गए। इसके अलावा बैकुंठ धाम दशहरा मैदान के पास से चोरी की वारदात में इस्तेमाल वाहन और 5 सिलेंडर भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, बरामद सामान की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये है।
8 आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए
पुलिस ने मामले में प्रमोद देवांगन के अलावा सुरेंद्र कुशवाहा, ओमप्रकाश वर्मा, गोपीचंद यादव, बुद्धसेन साहू, लता वर्मा, उर्वशी पटेल और तुकेश्वरी साहू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।




