गणेश विसर्जन से पहले पुलिस की अहम बैठक, जर्जर भवनों के बीच रूट बदलने का प्रस्ताव… समितियों ने क्या कहा?

Spread the love

रायपुर :  गणेश विसर्जन झांकियों के सुरक्षित, सुचारू और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने बुधवार को गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। दोपहर 3 बजे C-4 भवन में आयोजित बैठक में पुलिस के साथ जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम और यातायात के डीसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने झांकी आयोजकों को सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था से जुड़े दिशा-निर्देश दिए।

रूट, समय और झांकी के क्रम का करना होगा पालन

पुलिस ने आयोजकों से कहा कि विसर्जन झांकियां निर्धारित मार्ग, समय और क्रम के अनुसार ही निकाली जाएं। रास्ते में अनावश्यक रूप से झांकी रोकने से बचने और पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए। वॉलंटियर्स को पहचान पत्र अथवा आवश्यक पहचान उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया। आयोजकों ने इन निर्देशों पर सहमति जताई।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं किया जाएगा। किसी भी प्रकार के हथियार या धारदार वस्तु रखने पर रोक रहेगी। ध्वनि विस्तारक यंत्र और डीजे का इस्तेमाल निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाएगा।

इसके अलावा आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस और यातायात व्यवस्था में तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी आयोजकों ने सहमति जताई।

ये भी पढ़े :111 इस्तीफे, मंडल भंग और 5 निष्कासन के बाद बड़ा बदलाव… डोंगरगढ़ BJP में किसे मिली संगठन की कमान?

सदर बाजार के जर्जर भवनों को लेकर बढ़ी सुरक्षा चिंता

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा हुई। पुलिस, नगर निगम और SDRF के अधिकारियों ने झांकियों के इस क्षेत्र से गुजरने के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों की जानकारी आयोजकों को दी।

सुरक्षा को देखते हुए विसर्जन झांकियों के मार्ग में बदलाव का प्रस्ताव भी रखा गया। अधिकारियों ने समितियों के आयोजकों के साथ चर्चा कर इस संबंध में आम सहमति बनाने का प्रयास किया। हालांकि, गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति जताई।

ध्वनि मानकों का पालन करने पर समितियों की सहमति

रूट परिवर्तन पर सहमति नहीं बनने के बाद सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर अन्य उपायों पर चर्चा हुई। समितियों के आयोजकों ने सहमति दी कि झांकियों में इस्तेमाल होने वाले ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाएगा।

इसके साथ ही ध्वनि यंत्रों के बेस और वाइब्रेशन मोड बंद रखने पर भी सहमति बनी। पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और SDRF की ओर से जारी किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की बात भी आयोजकों ने स्वीकार की।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था प्राथमिकता

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणेश विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना और कानून-व्यवस्था कायम रखना प्राथमिकता है।

पुलिस और प्रशासन ने सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की कि वे अपने पदाधिकारियों और वॉलंटियर्स को बैठक में दिए गए सभी निर्देशों की जानकारी दें। साथ ही विसर्जन के दौरान पुलिस और प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर व्यवस्था को शांतिपूर्ण बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *