रायगढ़ : पुसौर थाना क्षेत्र में इवनिंग वॉक पर निकले एक कॉलेज प्रोफेसर के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, चार आरोपियों ने प्रोफेसर को चाकू दिखाकर अगवा किया और उनकी आंखों पर पट्टी बांधकर बंधक बना लिया। इसके बाद मोबाइल, पासवर्ड और UPI से जुड़ी जानकारी हासिल कर करीब एक लाख रुपये दूसरे बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुसौर पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की और 24 घंटे के भीतर प्रोफेसर को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी सुनील सारथी को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
चाकू दिखाकर बनाया बंधक
पुलिस के अनुसार, प्रोफेसर रोज की तरह शाम को इवनिंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान चार आरोपियों ने कथित तौर पर उन्हें घेर लिया और चाकू की नोक पर अपने कब्जे में ले लिया।
इसके बाद आरोपियों ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी और उन्हें बंधक बनाकर रखा। प्रोफेसर के मोबाइल फोन और UPI से संबंधित जानकारी हासिल करने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर उनके बैंक खाते से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए।
पंडरीपानी से सकुशल रेस्क्यू
मामले की जानकारी मिलते ही पुसौर पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को भूपदेवपुर क्षेत्र के पंडरीपानी में प्रोफेसर के होने की जानकारी मिली।
इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें वहां से सकुशल रेस्क्यू कर लिया। प्रोफेसर को सुरक्षित पुलिस के कब्जे में लाकर मामले की आगे की जांच शुरू की गई।
चार आरोपियों ने मिलकर बनाई थी योजना
प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला है कि वारदात को अंजाम देने के लिए चार आरोपियों ने मिलकर योजना बनाई थी। आरोपियों ने कथित तौर पर प्रोफेसर को अगवा करने के बाद चाकू की नोक पर उनके मोबाइल, पासवर्ड और UPI संबंधी जानकारी हासिल की।
इसके बाद करीब एक लाख रुपये एक महिला के बैंक खाते में ट्रांसफर कराए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब इस खाते और लेनदेन से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
ट्रांसफर की गई रकम सुरक्षित
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए खाते में ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित करा लिया है। मामले में सुनील सारथी पुलिस की हिरासत में है, जबकि वारदात में शामिल बताए जा रहे अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
पुलिस की टीमें फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। साथ ही पुलिस अपहरण की पूरी साजिश, आरोपियों की भूमिका और वारदात के पीछे की वजह को लेकर भी जांच कर रही है।




