सचिवों की समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सीईओ को ज्ञापन, मांगें पूरी नहीं हुईं तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी

Spread the love

परमेश्वर राजपूत, गरियाबंद : पंचायत सचिव संगठन जिला इकाई गरियाबंद ने सोमवार, 21 सितंबर को सचिवों की विभिन्न लंबित समस्याओं को लेकर जिला पंचायत गरियाबंद के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को ज्ञापन सौंपा। संगठन के जिला अध्यक्ष प्रवीण साहू के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में ऑनलाइन अटेंडेंस पर रोक लगाने, हड़ताल अवधि के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान करने, प्रत्येक माह की 5 तारीख तक नियमित वेतन भुगतान सुनिश्चित करने तथा रुके हुए वेतन का निराकरण करने सहित विभिन्न मांगें रखी गईं।संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि सचिवों से संबंधित कई समस्याएं लंबे समय से लंबित हैं, जिसके कारण कर्मचारियों को आर्थिक एवं प्रशासनिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांगों का शीघ्र निराकरण किए जाने की बात कही। संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि यदि मांगों का समयबद्ध निराकरण नहीं किया गया तो जिला स्तर पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

ये भी पढ़े :रायपुर ग्रामीण में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा, खरोरा में धारदार चाकू के साथ युवक पकड़ा गया

ज्ञापन के दौरान जिला पंचायत सीईओ द्वारा संगठन की मांगों को लेकर त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया गया। इसके बाद संगठन के जिला अध्यक्ष प्रवीण साहू ने जिले के सभी पंचायत सचिवों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासनिक आदेश के बिना कोई भी सचिव ऑनलाइन अटेंडेंस न दें। उन्होंने सचिवों से ऑनलाइन अटेंडेंस संबंधी ग्रुप से बाहर होने तथा संगठन के निर्देशों का पालन करने की अपील की।इस अवसर पर जिला सचिव हेमकुमार पटेल, उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, जनपद पंचायत गरियाबंद के ब्लॉक अध्यक्ष अनुज ठाकुर, छुरा ब्लॉक अध्यक्ष चेतन सोनकर, मैनपुर ब्लॉक अध्यक्ष प्रेम सिंह ध्रुव, फिंगेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष गोविंद साहू, देवभोग ब्लॉक अध्यक्ष सुकांत बेहेरा, सोशल मीडिया प्रभारी कंचन कुमार नायक सहित संतराम सिन्हा, डॉ. कन्हैयालाल ध्रुव, बोधन साहू, खेमन साहू, पुस्तम नागेश, बसंत सिन्हा, रेवा राम साहू, संतोष यादव, विष्णु साहू, अनिल साहू, भूपेंद्र सेन, पुष्पा सिन्हा समेत बड़ी संख्या में पंचायत सचिव उपस्थित रहे।

उपसंचालक पद्मिनी हरदेल को विदाई, कमल का स्वागत
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत गरियाबंद की उपसंचालक पद्मिनी हरदेल के विदाई सम्मान समारोह का भी आयोजन किया गया। संगठन की ओर से उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। वहीं नवपदस्थ उपसंचालक कमल का स्वागत एवं सम्मान किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *