रायपुर : रायपुर ग्रामीण पुलिस ने अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत खरोरा थाना क्षेत्र में कार्रवाई की है। पुलिस ने अवैध रूप से धारदार चाकू रखने के आरोप में 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से लोहे का धारदार चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2026 को थाना खरोरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मांठ चौक के पास एक युवक अपने पास धारदार चाकू रखकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
पूछताछ में युवक की पहचान प्रकाश वैष्णव (19 वर्ष), पिता नीलकंठ वैष्णव, निवासी वार्ड क्रमांक 03, बिड़िया, थाना खरोरा, जिला रायपुर के रूप में हुई।
पुलिस ने युवक से चाकू रखने के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन उसके पास कोई दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद गवाहों की मौजूदगी में पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार चाकू जब्त किया।
आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस के मुताबिक, मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार किया गया। परिजनों को गिरफ्तारी की सूचना देने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
खरोरा थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 458/26 दर्ज करते हुए आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत कार्रवाई की गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती चंचल तिवारी के मार्गदर्शन और एसडीओपी विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के पर्यवेक्षण में थाना खरोरा प्रभारी के नेतृत्व में की गई।
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।




